ईंट-भट्टे में सो रहे पांच मजदूरों की दम घुटने से हुई मौत, मुख्यमंत्री बघेल ने जताया दुख


महासमुंद। छत्तीससगढ़ के महासमुंद जिले में दर्दनाम घटना घट गई है। यहां के एक ईंट-भट्टे में सो रहे पांच मजदूरों की मौत हो गई है। मजदूरों की मौत दम घुटने से होना बताया जा रहा है। वहीं कुछ मजदूरों को बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक मजदूरों के शवों को पीएम के लिए भेजा गया है। वहीं घटना की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

यह दर्दनाक घटना महासमुंद जिले के गढ़फुलझर गांव की है। मिली जानकारी के अनुसार ईंट-भट्ठे में आग लगाने के बाद सभी मजदूर वहीं सो गए थे। इसके बाद ईंट-भट्टा सुलगने लगा और चारों ओर धुंआ ही धुआं हो गया। यह ईंट-भट्टा अनुज कुंज बिहारी नाम के व्यक्ति का बताया जा रहा है। कुंजबिहारी ने ईंट बनाकर उसे पकाने का ठेका पर दिया था। यहां काम कर रहे मजदूरों ने ईंट-भट्टे में आग लगाई और वहीं सो गए। इन मजदूरों में गंगा राम बिसी (55), दशरथ बिसी(30), सोना चंद भोई (40), वरुण बरिहा(24), जनक राम बरिहा(35) और मनोहर बिसी(30) शामिल हैं। इन्हीं में से पांच की दम घुटने से मौत हो गई है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महासमुंद जिले के बसना विकासखंड के ग्राम गढ़फुलझर में ईंट भट्ठा में काम वाले 5 श्रमिकों की मृत्यु पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देना और गंभीर रूप से बीमार एक श्रमिक को बेहतर से बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। सीएम भूपेश बघेल ने मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की है।
