सरकार के कड़े एक्शन से मचा हड़कंप: बर्खास्तगी और FIR का भय, ड्यूटी पर लौटने लगे हड़ताली कर्मचारी
जांजगीर। राज्य सरकार के कड़े एक्शन और धान खरीदी कार्य में बाधा डालने वाले कर्मचारियों पर एफआईआर का डर सताने लगा है। सख्ती के बीच जांजगीर-चांपा जिले से खबर आ रही है कि हड़ताली कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटने का निर्णय ले लिया है। संघ ने कलेक्टर को पत्र सौंपकर इस संबंध में जानकारी दी है। जांजगीर चांपा जिले के खरीदी केंद्रों में आज से धान खरीदी प्रारंभ हो रही है।
जांजगीर जिले में सहकारी समिति कर्मचारी संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त हो गई है। सहकारी समिति कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय के समक्ष उपस्थित होकर लिखित में हड़ताल समाप्त करने और काम पर लौटने के संबंध में पत्र सौंपा है। संघ पदाधिकारियों ने बताया कि किसानों के हित और प्रशासनिक पहल को देखते हुए हड़ताल स्वेच्छा से वापस ली गई है।
संघ की ओर से दी गई लिखित सूचना के अनुसार, सभी कर्मचारी आज सोमवार से अपने-अपने खरीदी केंद्रों में नियमित रूप से कार्यभार संभालेंगे। इससे जिले में धान खरीदी की सभी गतिविधियाँ फिर से सुचारू रूप से संचालित होंगी।