Google Analytics —— Meta Pixel

शराबी कांस्टेबल निलंबित, एफआईआर भी, नशे में पेट्रोलिंग वाहन से स्कूटी सवार को ठोका…

suspend

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर में नशे में पेट्रोलिंग वाहन चलाने वाले और दुर्घटना करने वाले कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही आरोपी आरक्षक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच भी की जा रही है।

घटना 15 नवंबर के रात की है। लोरो घाट जशपुर के पास हाइवे पैट्रोलिंग वाहन के चालक आरक्षक विकास टोप्पो के द्वारा एक स्कूटी चालक व्यक्ति से दुर्घटना किया गया था। मामले में पुलिस के द्वारा आरोपी आरक्षक के खिलाफ थाना दुलदुला में बीएनएस की धारा 281,128(a ) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया।

प्रार्थी कल्याण केरकेट्टा निवासी खूंटी टोली थाना दुलदुला में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि शाम करीबन 6.30 बजे उसके भतीजे ने फोन कर बताया कि उनके पिता हिलारियूस एक्का लोरो बाजार से खरीदारी कर स्कूटी से वापस घर आ रहे थे, तभी रास्ते में कमरेगा पुलिया के पास वाहन क्रमांक Cg03- 8574 के द्वारा उसके पिता को ठोकर मार दिया है, जिससे उनके दाहिना पैर, घुटने से टूटकर अलग हो गया है , जिस पर प्रार्थी के द्वारा तत्काल घटना स्थल जाकर देखा तो पाया कि, उक्त अर्टिगा वाहन क्रमांक Cg03- 8574 की ठोकर से, उसके पिता आहत हेलारियूस एक्का, का दाहिना टांग, घुटने के पास से कटकर अलग हो गया। पिता को ईलाज हेतु शासकीय अस्पताल जशपुर लाया गया। घायल की स्थिति को गंभीर देखते हुए उन्हें उपचार हेतु, अंबिकापुर भेजा गया है।

मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन चालक के विरुद्ध बीएनएस की धारा 281,128(a ) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया गया है।

पुलिस जाँच में पता चला कि घटना के समय पैट्रोलिंग अर्टिगा वाहन को आरक्षक विकास टोप्पो चला रहा था। साथ ही कांस्टेबल नशे में था। डॉक्टर से मुलाहिजा भी कराया गया है। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस के द्वारा, आरोपी आरक्षक विकास टोप्पो को गिरफ्तार कर, विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है व अर्टिगा वाहन क्रमांक Cg03- 8574 को भी पुलिस के द्वारा जब्त किया गया है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने, प्रथम दृष्टिया मामले में उक्त आरक्षक की संलिप्तता के मद्देनजर, आरक्षक विकास टोप्पो को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस बीच उसे केवल जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी। मामले में पुलिस की जांच जारी है, उसके विरुद्ध विभागीय जांच भी संस्थित की जायेगी।

मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून सभी के लिए बराबर है। लोरो घाट के पास, दुर्घटना कारित करने वाले आरोपी आरक्षक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज किया गया है, उसे गिरफ्तार कर विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है।