मुंगेली ने बनाया रिकॉर्ड, मतदाता सूची डिजिटाइजेशन में पूरे राज्य में नंबर-1
मुंगेली| विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मुंगेली जिले ने बड़ा मुकाम हासिल किया है। मतदाता गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन कार्य में मुंगेली जिला पूरे राज्य में प्रथम स्थान पर रहा है। इसी उपलब्धि के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुंदन कुमार ने 26 बीएलओ और अभिहित अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र, शाल और श्रीफल देकर सम्मानित किया।
जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में आयोजित सम्मान समारोह में कलेक्टर ने बीएलओ से उनकी रणनीति, कार्ययोजना और क्षेत्रीय अनुभवों के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र की रीढ़ है। डिजिटाइजेशन ने मतदाता सूची की विश्वसनीयता को और मजबूत किया है।
सम्मानित बीएलओ ने भी अपने अनुभव साझा किए। राजपुर की बीएलओ लक्ष्मी चौबे ने बताया कि टीमवर्क और सतत प्रयासों की वजह से लक्ष्य समय पर पूरा हुआ। वहीं नवागांव जैत के बीएलओ ने बताया कि अलग-अलग वार्डों में नियमित कैंप लगाकर मौके पर ही फोटो अपडेट किए गए, जिससे डिजिटाइजेशन कार्य बेहद सहज हो गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज, उप जिला निर्वाचन अधिकारी मायानंद चंद्रा, सारिका मित्तल सहित सभी बीएलओ और अभिहित अधिकारी उपस्थित रहे।