मैनपाट में नए बॉक्साइट खदान खोले जाने का विरोध, जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने उखाड़ा टेंट पंडाल
अंबिकापुर| छत्तीसगढ़ का शिमला कहें जाने वाले सरगुजा जिले के मैनपाट में नए बॉक्साइट खदान खोले जाने को लेकर कई गांव के ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। आपको बता दें कि आज इसको लेकर मैनपाट के नर्मदापुर में जनसुनवाई का आयोजन किया गया, लेकिन जनसुनवाई से पहले ही ग्रामीणों ने बॉक्साइट खदान नहीं खोले जाने को लेकर नारेबाजी करते हुए टेंट और पांडाल ही खोल दिया।
वहीं मौके पर पहुंची भारी संख्या में पुलिस बल तैनात होने के कारण प्रशासन ने पुनः जनसुनवाई के लिए टेंट और पांडाल लगवाया है और जनसुनवाई की कार्यवाही आगे बढ़ाई। इधर ग्रामीणों का आरोप है कि फर्जी ग्राम सभा प्रस्ताव पारित करके सीएमडीसी की आड़ में मां कुदरगढ़ी एल्युमिना रिफायनरी कंपनी के लोग गलत काम कर रहे हैं।
उनका आरोप है कि कुछ ग्रामीणों को अपने पक्ष में करके मैनपाट के हाथी कॉरिडोर क्षेत्र कंडराजा में जबरन ही बॉक्साइट खदान खोलने का काम किया जा रहा है।
प्रशासन के साथ मिलकर उपजाऊ भूमि को बंजर बताकर इसमें नया बॉक्साइट खदान खोलने की तैयारी कर रखी है। यही कारण है कि मैनपाट में नए बॉक्साइट खदान खोले जाने को लेकर ग्रामीण हर तरह से लामबंद हो गए हैं।