रायपुर में आज 1.30 बजे से भारत-द. अफ्रीका के बीच मैच, ट्रैफिक ज्यादा इसलिए 1 घंटे पहले निकलें…ये सब चीजें रहेंगी बैन
रायपुर| भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जा रहे वनडे सीरीज का दूसरा मैच बुधवार को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा। दूसरे वनडे के लिए भारतीय टीम में कोई बदलाव नहीं है। साउथ अफ्रीका की टीम की कप्तानी टेम्बा बावुमा करेंगे। इस बीच, पुलिस ने अपील की है कि रायपुर शहर से मैच देखने जाने वाले दर्शक दोपहर 12:15 बजे तक घर से निकल जाएं, क्योंकि मैच की वजह से हर सड़क पर दबाव ज्यादा रहेगा। इसलिए स्टेडियम पहुंचने में लगभग पौन घंटे लग सकता है। अगर दर्शक के पास कार पास नहीं है, तो करीब 800 मीटर पैदल चलना होगा। दूसरे शहरों से आने वाले दर्शक 1 बजे तक स्टेडियम पहुंच जाएं। क्योंकि भीतर में 20-25 मिनट लगेंगे।
भारतीय टीम की कोशिश यह मैच जीतकर तीन मैचों की सीरीज में निर्णायक बढ़त बनाने की रहेगी। सड़क से स्टेडियम के भीतर तक 1200 जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। सड़कों पर जाम न लगे, इसके लिए हर रूट पर दो-दो पेट्रोलिंग गाड़ियां तैनात रहेंगी। पुलिस अधिकारी कैमरों से ट्रैफिक व्यवस्था की निगरानी करेंगे। कहीं भी जाम की स्थिति बनने पर तुरंत टीम भेजी जाएगी। मैच खत्म होने के बाद भोजन के लिए ढाबे और होटलों की ओर जाने वाले दर्शकों की गाडि़यां सड़कों पर खड़ी नहीं होने दी जाएंगी। ट्रैफिक को चारों ओर वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।
इन रास्तों से पहुंचे स्टेडियम
सिटी से स्टेडियम जाने वाले तेलीबांधा थाना, सेरीखेड़ी ओवरब्रिज से होकर नवा रायपुर होते हुए स्टेडियम जाएंगे। इस रुट से जाने वाले सत्य सांई अस्पताल व सेंध तालाब पार्किंग में गाड़ी खड़ी करेंगे।
महासमुंद-सरायपाली, रायगढ़ से आने वाले आरंग से नवागांव होकर सीधे स्टेडियम आएंगे। उनके लिए परसदा पार्किंग एवं कोसा पार्किंग रहेगी। इसके अलावा भी कई जगह पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
राजनांदगांव और दुर्ग से आने वाले दर्शक टाटीबंध से रिंग रोड-1 होकर पचपेड़ी नाका से तेलीबांधा, सेरीखेड़ी से होकर स्टेडियम पहुंचेंगे। उनकी पार्किंग सत्यसांई अस्पताल व सेंध तालाब के पास तय की गई है।
बस्तर, कांकेर, बालोद व धमतरी की ओर से आने वाले से अभनपुर, केन्द्री, उपरवारा, मंत्रालय चौक, कोटराभाठा, सेंध तालाब होकर आएंगे। उनके लिए सत्य सांई अस्पताल व सेंध तालाब में पार्किग है।
बलौदाबाजार-खरोरा से आने वाले विधानसभा ओवरब्रिज से होकर हसौद मंदिर, नवागांव से होकर स्टेडियम जाएंगे। उनकी पार्किंग परसदा व कोसा पार्किंग होगी।
बिलासपुर, कवर्धा से आने वाले धनेली नाला, विधानसभा ओवरब्रिज से रिंग रोड-3 बजे होकर मंदिर हसौद, नवागांव से स्टेडियम जाएंगे। परसदा व कोसा पार्किंग में गाड़ी पार्क करेंगे।