Google Analytics —— Meta Pixel

चक्रवाती तूफान दितवाह का असर हुआ कम: अब तापमान में गिरावट के साथ बढ़ेगी ठंड, कोहरे के कारण घटेगी विजिबिलिटी

thand

रायपुर: छत्तीसगढ़ में पिछले दिनों जहां लोगों को ठंड से राहत मिल रही थी। वहीं अब उन्हें एक बार फिर कड़कड़ाती ठंड का सामना करना पड़ेगा। क्योंकि मौसम विभाग (IMD) ने तापमान में गिरावट के साथ ही ठंड बढ़ने की संभावना जताई है, तो चलिए जानते हैं कि आपके जिले में आज का मौसम कैसा रहेगा (Aaj Ka Mausam Kaisa Rahega)।

तापमान में गिरावट के साथ बढ़ेगी ठंड

छत्तीसगढ़ वासियों को पिछले दिनों जहां चक्रवाती तूफान दितवाह के कारण ठंड से राहत मिल रही थी, तो वहीं अब चक्रवाती तूफान दितवाह का असर कम हो गया है। जिसके कारण उन्हें एक बार फिर से कड़कड़ाती ठंड का सामना करना पड़ेगा। जी हां मौसम विभाग (IMD) की माने तो अगले 24 घंटे में तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट आएगी, जिसके कारण ठंड बढ़ेगी।

विजिबिलिटी भी हो सकती है प्रभावित

मौसम विभाग ने तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ने की संभावना तो जताई ही है, साथ ही छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सहित कई जगहों पर कोहरा छाने की भी संभावना जताई है। इस कारण विजिबिलिटी भी प्रभावित हो सकती है। इसके अलावा मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकले और गर्म कपड़े या फिर स्वेटर जरूर पहने।

पिछले 24 घंटे में कैसा रहा छत्तीसगढ़ के पांच जिलों का तापमान

  • रायपुर- अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस
  • दुर्ग- अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस
  • बिलासपुर- अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 09.5 डिग्री सेल्सियस
  • अंबिकापुर- अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस
  • जगदलपुर- अधिकतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस

शीतलहर से बचने के लिए दिशा निर्देश जारी

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने बढ़ती ठंड और शीतलहर की स्थिति को ध्यान में रखते हुए आमजन की सुरक्षा हेतु महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विभागीय अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि अत्यधिक ठंड के दौरान अनावश्यक बाहर निकलने से बचें तथा यात्रा को संभव हो तो स्थगित करें। उन्होंने कहा कि ठंड से बचने के लिए गर्म वस्त्रों का नियमित उपयोग और शरीर का तापमान बनाए रखने के लिए गर्म तरल पदार्थों का सेवन अत्यंत आवश्यक है। किसी भी व्यक्ति में लगातार ठिठुरन, सुन्नता या उंगलियों के सफेद पड़ने जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करने की सलाह दी गई है। बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को इस मौसम में विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता बताई गई है।