रायपुर में टीम इंडिया मैच हारी, लेकिन ये रिकॉर्ड भी बने…भारत का सेकंड हाईएस्ट स्कोर भी बना
रायपुर| छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बने शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दूसरा वनडे मैच खेला गया। हालांकि भारत के विशाल टार्गेट (358 रन) को दक्षिण अफ्रीकी टीम ने 6 विकेट खोकर ही चेज कर लिया। भारत ने रायपुर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपना दूसरा सबसे बड़ा वनडे स्कोर बनाया। टीम ने 5 विकेट खोकर 358 रन बनाए, जो साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर रहा। इससे पहले 2010 में ग्वालियर के मैदान पर भारत 401 रन भी बना चुका है। रायपुर के इस मैदान में टीम इंडिया हार जरूर गई, लेकिन कई रिकॉर्ड भी बने।
भारत के खिलाफ सबसे बड़ा रन चेज: साउथ अफ्रीका ने 50वें ओवर में 4 गेंद बाकी रहते हुए 359 रन का टारगेट हासिल कर लिया। यह वनडे में भारत के खिलाफ सबसे सफल रन चेज के रिकॉर्ड की बराबरी रही। इससे पहले 2019 में ऑस्ट्रेलिया ने मोहाली के मैदान पर भी 359 रन ही चेज किए थे।भारत और साउथ अफ्रीका ने मिलकर मैच में 720 रन बनाए। दोनों टीमों के बीच वनडे में पहली बार इतने ज्यादा रन बने। इससे पहले इसी सीरीज के पहले मुकाबले में दोनों टीमों ने मिलकर 681 रन बनाए थे।
कोहली ने 11वीं बार लगातार दो मैच में शतक लगाए: कोहली ने लगातार दो वनडे मैचों में शतक लगाने का कारनामा 11वीं बार किया है। वनडे क्रिकेट में उनसे ज्यादा बार यह कोई भी बल्लेबाज नहीं कर सका। दूसरे नंबर पर साउथ अफ्रीका के एबी डिविलियर्स हैं, जिन्होंने 6 बार ऐसा किया। रोहित शर्मा 4 बार ऐसा कर चुके हैं। कोहली अब 4 अलग-अलग टीमों के खिलाफ 7 या उससे ज्यादा वनडे शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए। उनके नाम श्रीलंका के खिलाफ 10, वेस्टइंडीज के खिलाफ 9, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 8 और साउथ अफ्रीका के खिलाफ 7 शतक हैं। इससे पहले सिर्फ सचिन तेंदुलकर दो टीमों के खिलाफ ऐसा कर पाए थे।
घर पर कोहली ने 40वां शतक लगाया: विराट कोहली ने भारत में अपना 40वां इंटरनेशनल शतक लगाया। उनसे आगे सिर्फ सचिन तेंदुलकर हैं, जिनके नाम 42 शतक हैं। तीसरे नंबर पर 36 शतक के साथ ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग हैं। वहीं, कोहली और ऋतुराज गायकवाड ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे में भारत की सबसे बड़ी पार्टनरशिप बना दी। दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 195 रन जोड़े। इससे पहले यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर और दिनेश कार्तिक के नाम था। दोनों ने 2010 में ग्वालियर के मैदान पर 194 रन जोड़े थे।
रोहित के भारत में 9 हजार रन पूरे: रोहित शर्मा ने भारत में अपने 9 हजार इंटरनेशनल रन पूरे कर लिए। इस उपलब्धि के साथ वे देश में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों के रिकॉर्ड में तीसरे नंबर पर पहुंच गए। भारत में सबसे ज्यादा रन सचिन तेंदुलकर के नाम हैं, जिन्होंने 14,192 रन बनाए। विराट कोहली 12,475 रन के साथ दूसरे स्थान पर हैं। रोहित अब 9,005 रन के साथ राहुल द्रविड़ (9,004) से आगे भी निकल गए।
गायकवाड का 77 गेंद पर शतक: ऋतुराज गायकवाड ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत की ओर से दूसरा सबसे तेज वनडे शतक लगाया। उन्होंने 77 गेंद में यह उपलब्धि हासिल की। उनसे आगे सिर्फ यूसुफ पठान हैं, जिन्होंने 2011 में सेंचुरियन के मैदान पर 68 गेंद में शतक लगा दिया था।
भारत लगातार 20वां टॉस हारा: भारत लगातार 20 वनडे मैचों में टॉस हार चुका है। यह सिलसिला 2023 वर्ल्ड कप फाइनल (अहमदाबाद) से शुरू हुआ था और अब तक जारी है। दूसरी ओर, वनडे में सबसे खराब अगला टॉस हारने का सिलसिला नीदरलैंड के नाम रहा है, जिसने मार्च 2011 से अगस्त 2013 के बीच 11 बार लगातार टॉस गंवाए थे।