Google Analytics —— Meta Pixel

लव मैरिज के पांच साल बाद विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, दफनाने के 10 दिनों बाद पुलिस ने कब्र खोद कर निकाला शव

maut

बिलासपुर। प्रेम विवाह के पांच साल बाद विवाहिता की घर पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पति ने इसकी सूचना उसके घर वालों को दी और उनकी मौजूदगी में उसका अंतिम संस्कार करते हुए कफन-दफन कर दिया। अंतिम संस्कार के बाद विवाहिता के परिजन ने हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत की। दफन करने के 10 दिन बाद पुलिस ने अफसरों की मौजूदगी में कब्र खोदकर शव बाहर निकाला। रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र का है।

चकरभाठा थाना क्षेत्र के बुंदेला निवासी जया सांडे (23) का पांच साल पहले गांव के अर्जुन सांडे से प्रेम विवाह हुआ था। 27 नवंबर को वह घर का काम कर रही थी, तभी उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई। उसने ससुराल वालों को इसकी जानकारी दी और घर पर आराम करने लगी। कुछ देर बाद घर के लोगों ने देखा तो जया की मौत हो चुकी थी। इसकी सूचना तुरंत गांव के लोगों और जया के घर वालों को दी गई। मायके वालों ने घर आकर हंगामा करते हुए ससुराल वालों पर आरोप लगाए। तब गांव के लोगों ने उन्हें पूरे मामले की शिकायत पुलिस करने की सलाह दी। इसके बाद मायके वालों ने अंतिम संस्कार करने दिया। कफन-दफन के बाद मायके वालों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई।

परिजन के आवेदन पर पुलिस ने एसडीएम आकांक्षा त्रिपाठी की अनुमति के बाद राजस्व अधिकारियों की मौजूदगी में कब्र खोदकर मृतका का शव बाहर निकाला। रविवार को सिम्स में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

रीसेंट पोस्ट्स