रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है। शहर के VIP रोड स्थित रजवाड़ा रिसॉर्ट में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक फॉल्स सीलिंग ढह गई। इस हादसे में नीचे बैठे कई लोग मलबे की चपेट में आ गए और चार से अधिक लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही भारी फॉल्स सीलिंग भरभराकर गिर पड़ी। घटना के बाद रिसॉर्ट के रेस्तरां में चीख-पुकार मच गई। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस हॉल में रेस्तरां संचालित हो रहा था, वह निर्माणाधीन था। बताया जा रहा है कि भारी सजावटी डिजाइन और लाइटिंग के कारण सीलिंग गिरने की आशंका है। प्रशासन रिसॉर्ट से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रहा है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।