Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ GST की बड़ी कार्रवाई: अभिनेत्री अंकिता लोखंडे के ससुराल समेत 10 ठिकानों पर छापेमारी, करोड़ों की टैक्स चोरी की आशंका

Ankita-Lokhande-got-married-to-V

रायपुर/बिलासपुर, छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ राज्य वस्तु एवं सेवा कर (GST) विभाग ने शुक्रवार देर शाम एक बड़ी और एकसाथ कई ठिकानों पर छापेमारी कर प्रदेश के कोयला कारोबार में हलचल मचा दी है। सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई राज्य के तीन प्रमुख कोयला कारोबारियों के खिलाफ की जा रही है। बिलासपुर समेत प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में स्थित 10 से अधिक प्रतिष्ठानों पर GST की कई टीमों ने एक साथ दबिश दी है।

इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा तब शुरू हुई, जब सामने आया कि जांच के दायरे में आया एक प्रतिष्ठान बॉलीवुड और टीवी अभिनेत्री अंकिता लोखंडे के ससुराल पक्ष से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।

करोड़ों की GST चोरी की आशंका

GST विभाग के वरिष्ठ सूत्रों ने बताया कि छापेमारी शुक्रवार देर शाम शुरू हुई थी और देर रात तक जारी रही। शुरुआती जांच में करोड़ों रुपये की GST चोरी से जुड़े अहम दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य सबूत मिलने की बात सामने आ रही है। जिन कंपनियों पर कार्रवाई चल रही है, उनमें महावीर वॉशरी, फिल कोल (बिलासपुर) और पारस कोल वॉशरी के नाम प्रमुख रूप से सामने आए हैं।

वित्तीय रिकॉर्ड खंगाल रही हैं टीमें

छापेमारी में शामिल GST अधिकारियों की टीमें कंपनियों के पूरे वित्तीय दस्तावेज, खरीद-बिक्री से जुड़े बिल और इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) से संबंधित कागजातों की बारीकी से जांच कर रही हैं। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कहीं लेन-देन छिपाकर या गलत तरीके से टैक्स क्रेडिट का लाभ तो नहीं लिया गया।

अभिनेत्री अंकिता लोखंडे के ससुराल से जुड़ा मामला

कार्रवाई को तब और सुर्खियां मिलीं, जब जानकारी सामने आई कि जांच के दायरे में आया एक प्रमुख कारोबारी प्रतिष्ठान अभिनेत्री अंकिता लोखंडे के पति विक्की जैन के परिवार से संबंधित है। हालांकि GST विभाग ने अभी तक किसी भी नाम या संस्था को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। विभाग का कहना है कि जांच पूरी होने और टैक्स चोरी की वास्तविक राशि तय होने के बाद ही विस्तृत बयान जारी किया जाएगा। राज्य सरकार टैक्स चोरी को लेकर सख्त रुख अपनाए हुए है और बड़े कारोबारियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए गए हैं।

कौन हैं अंकिता लोखंडे

अंकिता लोखंडे टीवी और फिल्म इंडस्ट्री का जाना-माना नाम हैं। उन्हें ज़ी टीवी के लोकप्रिय धारावाहिक पवित्र रिश्ता में अर्चना के किरदार से खास पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड में मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी फिल्म से डेब्यू किया, जिसमें उनके अभिनय को सराहना मिली।

अंकिता ने व्यवसायी विक्की जैन से विवाह किया है, जो मूल रूप से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से हैं। विक्की जैन का परिवार लंबे समय से कोयला कारोबार और अन्य औद्योगिक गतिविधियों से जुड़ा हुआ है। अंकिता और विक्की जैन कई रियलिटी शो और सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी साथ नजर आ चुके हैं।

रीसेंट पोस्ट्स