Weather Update : शीतलहर की चपेट में पूरा छत्तीसगढ़.. तापमान में गिरावट के साथ और बढ़ेगी ठिठुरन
रायपुर: उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ इन दिनों पूरी तरह से कड़ाके की ठंड की चपेट में है। यहां चल रही शीतलहर के कारण लोगों का हाल बेहाल हो गया है। इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने अगले चार दिनों तक शीत लहर चलने की चेतावनी जारी की है, तो चलिए जानते हैं कि आपके जिले में आज का मौसम कैसा रहेगा (Aaj Ka Mausam Kaisa Rahega)।
छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में जारी रहेगी शीतलहर
मौसम विभाग (IMD) की माने तो छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक मौसम में किसी भी तरह का कोई बदलाव नहीं होगा। सभी जिलों में शीत लहर जारी रहेगी। इसी के साथ ही मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना जताई है, जिसके कारण लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ेगा।
इस तरह से है छत्तीसगढ़ के चार जिलों का तापमान
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर, जगदलपुर, पेंड्रा और मैनपाट इन दिनों पूरी तरह से शीतलहर की चपेट में है। मौसम विभाग के मुताबिक, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस, पेंड्रा में 8.2 डिग्री सेल्सियस, जगदलपुर में 9.6 डिग्री सेल्सियस और दुर्ग में 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
ठंड से बचाव के उपाय
शीतलहर को देखते हुए आमजन की सुरक्षा के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जरूरी एहतियाती दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों का उपयोग करें और शरीर को गर्म रखने के लिए गर्म तरल पदार्थाे का सेवन लगातार करते रहें। यदि किसी व्यक्ति को अत्यधिक कंपकंपी, उंगलियों में पीलापन या सफेदपन, सुन्नता जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें। मौसम विभाग (IMD) ने विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गाे को इस मौसम में अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी।