Google Analytics —— Meta Pixel

BJP के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनते ही नितिन नबीन ने इस पद से दिया इस्तीफा, जानें क्या है वजह

nitin nabin
पटना| भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद बिहार सरकार के मंत्री नितिन नबीन ने अपने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पार्टी के एक व्यक्ति, एक पद के सिद्धांत का पालन करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को त्यागपत्र भेज दिया है।
नितिन नबीन अब तक बिहार सरकार में पथ निर्माण विभाग और नगर विकास एवं आवास विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री जल्द ही इन विभागों की जिम्मेदारी नए मंत्री को सौंपेंगे, हालांकि 14 जनवरी से पहले मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना नहीं है।
दो दिन पहले भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने नितिन नबीन की नियुक्ति की घोषणा की थी। भाजपा संसदीय बोर्ड के निर्णय के बाद उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया और आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया। सोमवार को नितिन नबीन ने भाजपा मुख्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण भी कर लिया।
पार्टी के इस कदम को संगठनात्मक स्तर पर अहम माना जा रहा है। नितिन नबीन की नियुक्ति से भाजपा को राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। उल्लेखनीय है कि भाजपा लगातार संगठन में बदलाव कर रही है। हाल ही में बिहार प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल को हटाकर दरभंगा के विधायक संजय सरावगी को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

रीसेंट पोस्ट्स