Weather Update : घने कोहरे के कारण धीमी हुई गाड़ियों की रफ्तार, दो दिन बाद फिर पड़ेगी कंपकपाने वाली ठंड
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सहित अन्य जिलों में ठंड और कोहरे का डबल अटैक देखने को मिल रहा है। घने कोहरे की वजह से विजिबिलिटी इतनी कम हो गई कि लोगों को दिन में ही अपनी गाड़ियों की लाइट जलानी पड़ गई। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि यहां ठंड किस कदर हावी होगा, तो चलिए जानते हैं कि आपके जिले में आज का मौसम कैसा रहेगा (Aaj Ka Mausam Kaisa Rahega)।
पूरे छत्तीसगढ़ में इन दिनों कड़ाके की ठंड और कोहरे का डबल अटैक देखने को मिल रहा है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सहित अन्य जिलों में बुधवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिसके कारण लोगों को दिन में ही वाहन चलाने के लिए लाइट का सहारा लेना पड़ा। इसके अलावा कड़ाके की ठंड ने भी लोगों का हाल बेहाल कर दिया।
दो दिन के बाद फिर गिरेगा तापमान
मौसम विभाग की माने तो अगले दो दिन तो छत्तीसगढ़ के तापमान में कोई बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन फिर तापमान में 1 से 3 डिग्री तक की गिरावट आएगी। तापमान में गिरावट के साथ ही ठंड में भी इजाफा होगा। इसी के साथ ही मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सहित लगभग सभी जिलों में शीतलहर चलने की संभावना जताई है।
ठंड से बचाव के उपाय
शीतलहर को देखते हुए आमजन की सुरक्षा के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जरूरी एहतियाती दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों का उपयोग करें और शरीर को गर्म रखने के लिए गर्म तरल पदार्थाे का सेवन लगातार करते रहें। यदि किसी व्यक्ति को अत्यधिक कंपकंपी, उंगलियों में पीलापन या सफेदपन, सुन्नता जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें। मौसम विभाग (IMD) ने विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गाे को इस मौसम में अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी।