Weather Update : ठंड से लोगों का हाल बेहाल, घास पर जमी ओस की बूंदे बनी बर्फ
रायपुर: छत्तीसगढ़ वासियों का ठंड और कोहरे से हाल बेहाल हो गया है। शहर के साथ ही आउटर में भी कोहरे का प्रकोप देखने को मिल रहा है, लेकिन अभी छत्तीसगढ़ वासियों को ठंड से कोई राहत मिलने की उम्मीद नजर नहीं आ रही है। ऐसा इस लिए क्योंकि मौसम विभाग (IMD) ने तापमान में गिरावट के साथ और ठंड बढ़ने की संभावना जताई है, तो चलिए जानते हैं कि आपके जिले में आज का मौसम कैसा रहेगा|
तापमान में 1 से 3 डिग्री तक की आएगी गिरावट
मौसम विभाग (IMD) की माने तो आने वाले चार दिनों में तापमान में 1 से 3 डिग्री तक की गिरावट आएगी, जिससे ठंड और बढ़ेगी। यानी की लोगों को अभी ठंड से किसी भी तरह की कोई राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा और ठिठुरन भी बढ़ेगी। इसके अलावा अभी छत्तीसगढ़ में बारिश की कोई भी संभावना नहीं है।
ठंड का कहर मैनपाट और छत्तीसगढ़ से लगे अमरकंटक में देखने को मिला है। यहां घास पर जमी ओस की बूंदे बर्फ बन गई। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि वहां कितनी ठंड पड़ रही होगी। इतना ही नहीं यहां शीतलहर और ठंड से लोगों का बुरा हाल है। ठंड से बचने के लिए लोग अब अलाव का सहारा ले रहे हैं।
पिछले 24 घंटे में कैसा रहा तापमान
वहीं अगर बात करें छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे के तापमान की तो सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव का दर्ज किया गया है। यहां का तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम तापमान अंबिकापुर का दर्ज किया गया। यहां का तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और धमतरी सहित अन्य जिलों में शीतलहर चल रही है।