लेफ्टिनेंट कर्नल रिश्वत लेते गिरफ्तार, सीबीआई ने 2.36 करोड़ कैश किए जब्त, मचा हड़कंप
नई दिल्ली। सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुये रक्षा मंत्रालय में पदस्थ लेफ्टिनेंट कर्नल और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सीबीआई की टीम ने 2.36 करोड़ जब्त किया है। कार्रवाई में सीबीआई ने अफसर के पास से 2.23 करोड़ और उनकी पत्नी के पास से 10 लाख नगदी बरामद की। उत्पादन विभाग में तैनात लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा पर बेंगलुरु की एक कंपनी से 3 लाख की रिश्वत लेने का आरोप है।
जानिए क्या था आरोप
दरअसल, लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा द्वारा रक्षा उत्पादों के निर्माण और निर्यात से जुड़ी विभिन्न निजी कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर आपराधिक साजिश के तहत अवैध गतिविधियों में लिप्त होकर भ्रष्टाचार को अंजाम दे रहे थे। अफसर के द्वारा इन कंपनियों को अनुचित लाभ पहुंचाने के बदले में उनसे रिश्वत ले रहे थे। उन्होंने बेंगलुरू की एक कंपनी से 3 लाख की रिश्वत मांगी थी।
राजीव यादव और रवजीत सिंह नाम के शख्स इस कंपनी के मामलों को देख रहे थे। दोनों कर्नल के साथ लगातार संपर्क में थे। पकड़े गये विनोद कुमार ने ही बिचौलिया का काम करते हुए दीपक कुमार को तीन लाख की रिश्वत दी थी।
इधर, रिश्वत लेने की शिकायत जैसे ही सीबीआई की टीम को हुई तो उन्होंने कर्नल दीपक कुमार शर्मा को ट्रेप कर रंगे हाथ पकड़ा। इसके बाद सीबीआई की टीम ने कर्नल दीपक कुमार शर्मा के घर में रेड कार्रवाई की।
कार्रवाई में शर्मा के घर से 2.36 करोड़ रूपये नगदी और उनकी पत्नी काजल बाली के पास से 10 लाख जब्त किया गया। काजल बाली डिवीजन ऑर्डिनेंस यूनिट श्रीगंगानगर, राजस्थान में कमांडिंग आफिसर हैं।
दीपक शर्मा और विनोद कुमार को 20 दिसंबर को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 23 दिसंबर तक हिरासत में भेज दिया गया है।
दीपक कुमार शर्मा रक्षा मंत्रालय में लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर पदस्थ हैं। वे रक्षा उत्पादन विभाग में डिप्टी प्लानिंग ऑफिसर (इंटरनेशनल कोऑपरेशन एंड एक्सपोर्ट्स) हैं। दीपक कुमार शर्मा नई दिल्ली में रहते हैं और उनका पूरा परिवार राजस्थान के श्री गंगानगर में निवास करता है।
वहीँ, उनकी पत्नी कर्नल काजल बाली राजस्थान के श्री गंगानगर में 16वीं इन्फैंट्री डिवीजन ऑर्डनेंस यूनिट (DOU) की कमांडिंग ऑफिसर हैं और उनका नाम भी इस मामले में आया है, लेकिन उनकी गिरफ्तारी अभी तक नहीं हुई है।