Weather Update : ठंड का कहर…अंबिकापुर और दुर्ग रहा सबसे ठंडा, अगले 24 घंटे घने कोहरे की चेतावनी
रायपुर: छत्तीसगढ़ में इन दिनों लोगों को कड़ाके की ठंड के साथ ही कोहरे का सामना करना पड़ रहा है। छत्तीसगढ़ के कुछ जिले तो ऐसे हैं, जहां का तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। ऐसे में मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटे के लिए घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। इसके बाद तापमान बढ़ेगा, जिससे लोगों को ठंड से हल्की राहत मिलेगी। तो चलिए जानते हैं कि आपके जिले में आज का मौसम कैसा रहेगा।
2 से 3 डिग्री बढ़ेगा रात का तापमान
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, अगले दो दिनों तक लोगों को ठंड और कोहरे से किसी भी तरह की कोई राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। क्योंकि मौसम विभाग (IMD) ने छत्तीसगढ़ के उत्तरी इलाके में अगले 24 घंटे के लिए घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। इसके बाद रात का तापमान 2 से 3 डिग्री बढ़ेगी और लोगों को ठंड से हल्की राहत मिलेगी। हालांकि लोगों को अभी दो दिन ठंड और कोहरे का सामना करना पड़ेगा। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 24 घंटों तक सरगुजा और बिलासपुर संभाग के कुछ जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा। इसके अलावा इन संभागों में विजिबिलिटी भी काफी कम रहेगी, जिसके कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। वहीं मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में तीन दिन बाद तापमान में 1 से 2 डिग्री तक की बढ़ोतरी होगी।
पिछले 24 घंटे में अंबिकापुर रहा सबसे ठंडा शहर
वहीं अगर बात करें पिछले 24 घंटे की तो अंबिकापुर सबसे ठंडा शहर रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजनांदगांव सबसे गर्म शहर रहा। यहां का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके इलावा पेंड्रा और मैनपाट में घास पर जमी ओस की बूंदे बर्फ बन गई। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि वहां कितनी ठंड होगी।