Weather Update : ठंड का सितम जारी… अगले 3 दिन शीतलहर चलने की चेतावनी
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सहित सभी 33 जिलों में अभी ठंड और कोहरे का प्रकोप देखने को मिल रहा है। इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने शीतलहर को लेकर चेतावनी जारी की है। ऐसे में आपके भी मन में ये सवाल जरूर उठ रहा होगा कि हमारे शहर में आज का मौसम कैसा रहेगा तो चलिए जानते हैं।
उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में शीतलहर चलने की चेतावनी
मौसम विभाग (IMD) ने अगले तीन दिनों तक उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं पिछले 24 घंटे में भी दुर्ग संभाग में शीतलहर चली है, जिसके कारण लोगों का हाल बेहाल हो गया है। लोग अब सुबह और शाम के समय घरों से निकलने के लिए कतरा रहे हैं। इसके अलावा वो ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं।
छत्तीसगढ़ के तापमान में आएगी 1 से 2 डिग्री तक की गिरावट
छत्तीसगढ़ वासियों को अभी ठंड से किसी भी तरह की कोई राहत मिलने की उम्मीद नजर नहीं आ रही है। मौसम विभाग (IMD) की माने तो अगले तीन दिनों तक छत्तीसगढ़ के तापमान में 1 से 2 डिग्री तक की और गिरावट आ सकती है, जिसके कारण ठंड और बढ़ेगी। यानी कि लोगों को अभी कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ेगा।
वहीं अगर बात करें पिछले 24 घंटे की तो अंबिकापुर सबसे ठंडा शहर रहा। यहां का न्यूनतन तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसके अलावा दुर्ग सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मौसम शुष्क बना हुआ है, जिसके कारण लोगों को सुबह और शाम के वक्त ठंड का सामना करना पड़ रहा है।