कोल खदान के लिए जमीन नहीं देने पर अड़े ग्रामीण, विरोध के बीच समझाइश देने पहुंचे कलेक्टर, बीते दिनों झड़प में घायल हुए थे जवान
दरअसल लखनपुर क्षेत्र में आने वाले अमेरा कोल खदान के एक्सटेंशन को लेकर कवायद की जा रही है। जिसे लेकर कुछ दिन पहले यहां जमकर विवाद खड़ा हो गया था। ग्रामीण और पुलिस के जवान आमने-सामने थे, जिसमें कई ग्रामीणों के साथ पुलिस जवान भी घायल हुए थे। यहां लोगों की मांग है कि उनके पास जमीन ही उनकी आजीविका है ऐसे में वह जमीन देने को तैयार नहीं।
दूसरी तरफ कुछ लोगों की यह भी मांग है कि उन्हें जो मुआवजा तत्कालीन समय में दिया गया वह पर्याप्त नहीं है और उन्हें वर्तमान दर पर जमीन का मुआवजा व पुनर्वास दिया जाए। ऐसे में अब जिले की बागडोर संभालने वाले कलेक्टर अजीत वसंत ने मामले को संज्ञान में लेकर इसकी गहनता से जांच की बात कही है। कलेक्टर ने यह भी कहा कि ग्रामीणों को उचित मुआवजा मिल सके उन्हें मुआवजा के साथ-साथ जो उनका हक है, उन्हें वह हक भी दिलाने की कवायद की जाएगी और इसके साथ ही खदान का विस्तार किया जाएगा।