Google Analytics —— Meta Pixel

एशिया की सबसे बड़ी कोयला खदान में वर्चस्व की जंग, कोयला लिफ्टिंग को लेकर दो निजी कंपनियों के कारिंदो के बीच जमकर मारपीट

job-JH-7
कोरबा| एशिया की सबसे बड़ी कोयला खदानों में शुमार SECL की गेवरा परियोजना एक बार फिर वर्चस्व की जंग का अखाड़ा बन गई है। बीती रात कोयला लिफ्टिंग को लेकर दो निजी कंपनियों के कारिंदो के बीच जमकर मारपीट हुई ।
हैरान करने वाली बात यह है कि यह पूरी वारदात वहां तैनात सुरक्षा बलों की मौजूदगी में हुई, जहां एक कंपनी के कथित गुर्गों ने दूसरी कंपनी के कर्मचारी को बेदम पीटा। इस बर्बरता का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, गेवरा खदान में लंबे समय से के.के. एंटरप्राइजेज का दबदबा रहा है। आरोप है कि बीती रात कोयला लिफ्टिंग के दौरान के.के. एंटरप्राइजेज से जुड़े कथित बाउंसरों ने केसीपीएल कंपनी के कर्मचारियों पर धावा बोल दिया। पहले तीखी नोकझोंक हुई और देखते ही देखते लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई। इस हमले में केसीपीएल के कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।
खदान परिसर के भीतर हुई इस गुंडागर्दी से अन्य कामगारों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों और जानकारों का कहना है कि यह घटना पाली क्षेत्र में पिछले वर्ष हुए उस रक्तरंजित टकराव की याद दिलाती है, जिसमें एक ट्रांसपोर्टर की जान चली गई थी।
गेवरा की इस घटना ने पुलिस प्रशासन के लिए खतरे की घंटी बजा दी है। यदि समय रहते इन कोल माफियाओं और उनके गुर्गों पर लगाम नहीं कसी गई, तो दीपका-गेवरा क्षेत्र में भी बड़ी हिंसक वारदात या गैंगवार होने से इनकार नहीं किया जा सकता।

रीसेंट पोस्ट्स