Weather Update : शीतलहर ने बढ़ाई ठिठुरन, अगले तीन दिन घने कोहरे के साथ शीतलहर का अलर्ट
रायपुर: छत्तीसगढ़ में नए साल के पहले हफ्ते में ठंड अपना तेवर दिखा रहा है। प्रदेश में इन दिनों हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। फिर भी मौसम विभाग (IMD) ने घने कोहरे के साथ शीतलहर चलने की संभावना जताई है, तो चलिए जानते हैं कि आपके जिले में आज का मौसम कैसा रहेगा।
पिछले दो दिनों जहां लोगों को ठंड से राहत मिली थी, तो वहीं अब उन्हें और कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग (IMD) की माने तो उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिन शीतलहर चल सकती है। इसके साथ ही उत्तरी हिस्सों में एक से दो जगहों पर घना कोहरा भी छाए रहेगा, जिसके कारण लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
पिछले 24 घंटे में कैसा रहा तापमान
वहीं अगर बात करें पिछले 24 घंटे की तो 4.8 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा। वहीं 29.6 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ दुर्ग सबसे गर्म रहा। इसके अलावा पेंड्रा का न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस, रायपुर का न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस, बिलासपुर का न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस और जगदलपुर का न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग (IMD) ने दी सतर्क रहने की सलाह
ठंडी हवाओं के कारण सुबह और रात के वक्त ठिठुरन बढ़ने वाली है। ऐसे में मौसम विभाग (IMD) ने सतर्क रहने की सलाह दी है। सुबह और रात के वक्त घर से निकलते समय गर्म कपड़े जरूर पहने, समय-समय पर अलाव का सहारा लेते रहे। वाहन चलाते समय रफ्तार कम रखे और फॉग लाइट का इस्तेमाल करे।