हंगामे के बीच निगम का बुलडोजर, 100 से अधिक झोपड़ियां ध्वस्त, मौके पर तैनात रहा पुलिस बल
बिलासपुर। एसईसीएल की इंदिरा विहार कॉलोनी के पास नगर निगम की बेशकीमती जमीन है। बीते 50 साल से जमीन पर कब्जा कर लोगों ने झोपड़ी व मकान बनाकर रह रहे थे। यहां अवैध गतिविधियां भी संचालित हो रही थी। लगातार मिल रही शिकायत के बाद नगर निगम ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए झोपड़ी व मकानों को बुलडोजर से ढहा दिया है। गरीबों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकानों में शिफ्ट करने का काम भी किया जा रहा है।
सुबह के वक्त नगर निगम का अमला पुलिस बल के साथ जैसे ही बस्ती में पहुंचा और स्पीकर के जरिए मकान खाली करने मुनादी की गई, महिलाएं घर से निकलकर मौके पर पहुंच गई और हंगामा मचाने लगी। निगम की महिला अधिकारियों ने समझाइश देते हुए कहा कि एक घंटे के भीतर अपना सामान निकालकर मकान व झोपड़ी खाली कर दे। एक घंटे बाद तोड़फोड़ की कार्रवाई की जाएगी। निगम के अफसरों ने यह भी कहा कि जो लोग मकान खाली कर देंगे उनका सामान पीएम आवास वाले मकान में नगर निगम अपने संसाधनों से पहुंचाकर देगा। मोहलत के बाद भी मकान खाली ना करने वालों के खिलाफ फिर बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी। भारी हंगामा के बीच निगम के अफसरों ने जब सख्ती दिखाना शुरू किया और पुलिस ने दबाव बनाना शुरू कर दिया तब महिलाएं शांत हुई और मकान खाली करने राजी हुई। मकानों से सामान बाहर निकलते ही नगर निगम का बुलडोजर चलना शुरू हुआ। एक-एक कर मकानों को ढहाना शुरू किया।
बेशकीमती सरकारी जमीन पर कब्जा कर बसोड़ समुदाय के लोगों ने झोपड़ी बना ली थी और रहना शुरू कर दिया था। पुलिस को लगातार इस बात की शिकायत मिल रही थी कि यहां अनैतिक गतिविधियां भी चलाई जाती है। गुंडागर्दी व मारपीट आम बात हो गई थी। यहां की गतिविधियों से चौबे कॉलोनी व आसपास के लोगों की परेशानी कुछ ज्यादा ही बढ़ गई थी।