Weather Update : अगले 24 घंटों में भयंकर ठंड से नहीं मिलेगी राहत, शीतलहर का अलर्ट जारी…
रायपुर: छत्तीसगढ़ में इस समय ठंड अपने चरम पर है। हिमालय की ओर से आ रही ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। कई जिलों में तो ओस की बूंदे बर्फ बन रही है, लेकिन फिर भी मौसम विभाग ने अगले दो दीन शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। इसी के साथ ही जानते हैं कि आज का मौसम कैसा रहेगा।
मौसम विभाग (IMD) की माने तो हिमालय की ओर से आ रही ठंडी हवाओं ने छत्तीसगढ़ में ठिठुरन बढ़ा दी है। छत्तीसगढ़ के कई जिले तो ऐसे भी हैं, जहां ओस की बूंदे बर्फ में बदल रही है। इसमें बलरामपुर के रामानुजगंज, मैनपाट, पेंड्रा और अंबिकापुर शामिल है। यहां ठंड-कोहरा और शीतलहर का ट्रीपल अटैक देखने को मिल रहा है।
और गिरेगा छत्तीसगढ़ का तापमान
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, अगले एक से दो दिनों में छत्तीसगढ़ का तापमान और गिर सकता है, जिसके कारण उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। इतना ही नहीं यहां शीतलहर चलने की संभावना भी जताई गई है। यानी कि छत्तीसगढ़ वासियों को अभी ठंड से किसी भी तरह की राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
वहीं पिछले 24 घंटे की बात करें तो 3.5 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा। रायपुर का न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस, दुर्ग का न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस, बिलासपुर का न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस, पेंड्रा रोड का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस और जगदलपुर का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहा।
छत्तीसगढ़ के कई जिलों में ठंड-कोहरा और शीतलहर के ट्रीपल अटैक को देखते हुए स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है, जिसमें बलरामपुर, सुरजपुर, सरगुजा, कोरिया और गौरेला पेंड्रा मरवाही शामिल है। यहां के प्राइमरी स्कूलों में 10 जनवरी तक छुट्टी घोषित कर दी गई है।
पिछले 28 दिनों में 3 लोगों की ठंड से मौत
वहीं छत्तीसगढ़ में पिछले 28 दिनों में 3 लोगों की ठंड के कारण मौत भी हो गई है। ऐसे में मौसम विभाग (IMD) ने हेल्थ एडवाइजरी जारी की है। छोटे बच्चे और बुजुर्ग ठंड से ज्यादा प्रभावित हो सकते हैं, इसलिए उनका खास ध्यान रखने की अपील की गई है। वहीं घरों से बाहर निकलते समय गर्म कपड़े जरुर पहने और अगर जरुरी काम हो तभी बाइक से यात्रा करे।