Weather Update : ठंड का डबल अटैक… शीतलहर का प्रकोप जारी, न्यूनतम तापमान में गिरावट, 3 दिन बाद राहत के आसार
रायपुर: छत्तीसगढ़ के मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है। पिछले दिनों जहां लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली थी, तो वहीं अब उन्हें एक बार फिर से कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ेगा। क्योंकि मौसम विभाग (IMD) ने तापमान में गिरावट के साथ शीतलहर चलने की संभावना जताई है, तो चलिए जानते हैं कि आपके जिले में आज का मौसम कैसा रहेगा |
छत्तीसगढ़ के ये जिले ठंड से ज्यादा होंगे प्रभावित
मौसम विभाग (IMD) की माने तो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर, दुर्ग , बालोद, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, सरगुजा, बेमेतरा, कवर्धा, मनेन्द्रगढ़-भरतपुर-चिरमिरी और राजनांदगांव जिला ठंड से ज्यादा प्रभावित होगा। ऐसे में मौसम विभाग (IMD) ने ठंड को देखते हुए बच्चे और बुजुर्गों का खास ख्याल रखने को कहा है।
छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे का तापमान कैसा रहा
छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे के तापमान की बात करें, तो 3.9 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा। वहीं दुर्ग का न्यूनतम तकापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में गुरुवार-शुक्रवार की रात का न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा अगले 3 दिन के अंदर तापमान में 1 से 3 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है। इस कारण लोगों को आने वाले दिनों में ठंड से राहत मिलने की उम्मीद है। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।