Weather Update : अगले दो दिन गिरेगा पारा और पड़ेगी कड़ाके की ठंड, जानिए मौसम का हाल
रायपुर: छत्तीसगढ़ का मौसम लगातार बदल रहा है। कभी ठंडी तो कभी गर्मी का ऐहसास हो रहा है। इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने आज से अगले दो दिन तक तापमान में गिरावट आने की संभावना जताई है। इसके बाद मौसम का मिजाज फिर बदलेगा और तापमान बढ़ेगा, तो चलिए जानते हैं कि आने वाले 5 दिन का मौसम कैसा रहेगा।
छत्तीसगढ़ में बारिश की कोई संभावना नहीं
मौसम विभाग (IMD) की माने तो छत्तीसगढ़ में बारिश की अभी कोई संभावना नहीं है और मौसम भी शुष्क बना हुआ है। अगले दो दिनों में छत्तीसगढ़ के तापमान में 1 से 2 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। वहीं फिर इसके बाद तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। यानी की लोगों को अगले दो दिन ठंड और फिर उसके बाद गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के कई जिलों में 20 जनवरी को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। सुकमा में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा दुर्ग का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस, राजनांदगांव का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस, बालोद का अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस और रायपुर का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बता दें कि अभी कुछ दिनों से छत्तीसगढ़ के मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि ठंड सीजन के आखिरी पड़ाव में है। मौसम में उतार-चढ़ाव का असर लोगों की तबियत पर भी देखने को मिलता है। मौसम के बदलते मिजाज के कारण सर्दी, खासी और बुखार जैसी समस्या हो सकती है। ऐसे में मौसम विभाग (IMD) ने सावधानी बरतने की सलाह दी है।