IPS संजीव शुक्ला बने रायपुर के फर्स्ट पुलिस कमिश्नर, देखिए आदेश

1305159-ips-sanjeev-shukla

रायपुर। राजधानी रायपुर में कमिश्नरी व्यवस्था लागू होते ही पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। राज्य सरकार ने 2004 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी डॉ. संजीव शुक्ला को रायपुर का पहला पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया है। इससे पहले वे आईजी, बिलासपुर रेंज के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। इस फेरबदल के तहत श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा को रायपुर ग्रामीण की पुलिस अधीक्षक (SP) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं अमित तुकाराम कांबले (IPS-2009) को कांकेर से स्थानांतरित कर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, रायपुर नगरीय बनाया गया है।

रायपुर के मौजूदा एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह को जशपुर भेजा गया है, जबकि जशपुर एसएसपी शशिमोहन सिंह को रायगढ़ जिले की कमान सौंपी गई है।  रामगोपाल गर्ग (IPS-2007) को दुर्ग रेंज से हटाकर आईजी, बिलासपुर रेंज नियुक्त किया गया है। अभिषेक शांडिल्य (IPS-2007) को राजनांदगांव रेंज से स्थानांतरित कर आईजी, दुर्ग रेंज की जिम्मेदारी दी गई है।

जारी आदेश के मुताबिक बालाजी राव सोमावर (IPS-2007), जो अब तक पुलिस मुख्यालय रायपुर में कानून व्यवस्था संभाल रहे थे, उन्हें आईजी, राजनांदगांव रेंज बनाया गया है। इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत 24 अन्य पुलिस अधिकारियों के भी तबादले किए गए हैं। सरकार का मानना है कि कमिश्नरी सिस्टम के लागू होने से राजधानी में कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण और अधिक प्रभावी होगा।

आईपीएस संजीव शुक्ला 2004 बैच के वरिष्ठ छत्तीसगढ़ कैडर अधिकारी हैं। वे अब रायपुर के पहले पुलिस कमिश्नर नियुक्त हुए हैं। इससे पहले आईजी, बिलासपुर रेंज रहे। कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और प्रशासनिक नेतृत्व में उन्हें लंबा अनुभव है।

रीसेंट पोस्ट्स