Weather Update : बदला छत्तीसगढ़ का मौसम, 1 से 2 डिग्री बढ़कर अचानक गिरेगा तापमान
रायपुर: बसंत पंचमी के अवसर पर छत्तीसगढ़ का मौसम बदल गया है। पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने से एक बार फिर छत्तीसगढ़ में ठंड अचानक से लौट आई है। वहीं अगले 48 घंटे में तापमान 1 से 2 डिग्री तक बढ़कर अचानक गिरेगा, तो चलिए जानते हैं कि आज का मौसम कैसा रहेगा|
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, उत्तर भारत में एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ गया है, जिसकी वजह से उत्तरी छत्तीसगढ़ में तापमान गिरने के साथ ही ठंड भी बढ़ गई है। बीते कुछ दिनों से बादलों की वजह से हवा का प्रवाह थम गया था, जिसके कारण न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ऊपर पहुंच गया था। वहीं अब एक बार फिर से मौसम का मिजाज बदल गया और हवा के कारण तापमान में गिरावट के साथ ही ठंड भी बढ़ गई है।
अगले 48 घंटे में बढ़ेगा छत्तीसगढ़ का तापमान
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक अगले 48 घंटे में छत्तीसगढ़ के तापमान में 1 से 2 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद फिर तापमान में 1 से 2 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। यानी की मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। इसका असर लोगों की तबीयत पर भी पड़ सकता है। ऐसे में मौसम विभाग ने सतर्क रहने और बुजुर्ग के साथ बच्चों का खास ख्याल रखने की सलाह दी है।
पिछले 24 घंटे में अंबिकापुर रहा सबसे ठंडा
पिछले 24 घंटे की बात करें तो 6.3 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ ही छत्तीसगढ़ का अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा। इसके अलावा छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर का न्यूनतम तापमान 14.8 , बिलासपुर का न्यूनतम तापमान 13.8 , दुर्ग का न्यूनतम तापमान 13.0 , जगदलपुर का न्यूनतम तापमान 12.1 और पेंड्रा रोड का न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इन राज्यों में हो रही है झमाझम बारिश
वहीं राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और दिल्ली में झमाझम बारिश हो रही है। इन राज्यों में उत्तर भारत में एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल रहा है। हिमाचल के शिमला-मनाली में तो एक बार फिर बर्फबारी देखने को मिल रही है। ठंडी हवाओं के कारण तापमान में तेजी से गिरावट आई है। इसी के साथ ही यहां ओलावृष्टी, कोहरा और शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है।