फिल्मी स्टाइल किडनैपिंग के बाद युवक की हत्या, घर से उठा कर होटल में बेरहमी से पीटा गया
दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से फिल्मी स्टाइल में युवक का अपहरण के बाद मर्डर का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां आरोपियों ने एक युवक का अपहरण कर लिया और फिर उसकी बेदम पिटाई कर दी। युवक चार दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ता रहा। आखिर में उसने दम तोड़ दिया।
चंद रुपयों के लिए अपहरण कर किया मर्डर
यह घटना सुपेला थाना क्षेत्र की है। यहां आरोपियों ने चंद रुपयों के लिए एक युवक को पीट-पीटकर मार डाला। पहले तो उन्होंने उसका अपहरण किया। फिर उसे एक होटल में ले जाकर बेदम पीटा। इस मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक की चार दिन बाद अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और अन्य आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान ऋषि निर्मलकर के रूप में की गई है, जो कि कसारीडीही गांव का रहने वाला था। 20 जनवरी को उसके जान पहचान के ही 3 आरोपी उसे स्टेशन रोड से कार में बिठाकर इंदिरा मार्केट स्थित होटल 36 इन में ले गए। यहां पैसे को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपियों ने उसकी हाथ-मुक्कों से बेदम पिटाई कर दी और फिर उसे वहीं छोड़कर चले गए ।
घटना के बाद ऋषि ने अपने दोस्तों को फोन किया, जो उसे उसके घर लेकर पहुंचे। यहां जब दो दिन बाद 23 जनवरी को उसकी हालत बिगड़ने लगी, तो उसे भिलाई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया और 25 जनवरी की रात उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अंदरूनी चोटों के कारण मौत की पुष्टी हुई, जिसके बाद परिजनों ने थाने पहुंचकर इसकी शिकायत दर्ज कराई ।
एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
सिटी कोतवाली पुलिस ने भी मृतक ऋषि के परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु की और पुलिस ने एक आरोपी प्रशांत राव को गिरफ्तार कर लिया। वहीं उसके दो साथी फरार है, जिनकी तलाश की जा रही है। वहीं पुलिस ने भी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।