कार लूट की सनसनीखेज वारदात, 30–35 साल के लुटेरे फिल्मी अंदाज़ में फरार
बिलासपुर। रात में सफर कर रहे हैं तो अनजान जगहों पर बिलकुल भी ना रुकें और देर रात तक सफर पर ना निकले। देर रात सफर करने वाले एक परिवार के चार सदस्यों की जान पर बन आई थी। बिलासपुर में क्राइम की खबरें लगातार बढ़ती जा रही है ऐसा ही एक और मामला सामने आया है जहां कार लुटेरे चार युवकों ने कार सवार के साथ पहले जमकर मारपीट की, कार में सवार महिलाओं को बाहर निकाला और चाबी छिनकर कार ले उड़े। यह वाकया देर रात नेशनल हाईवे पर हुआ। घटना एनएच-130 पर रतनपुर के पास की है। लुटेरे दो अलग-अलग कार में आए थे और उनकी संख्या चार थी।
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के दीपिका थाना क्षेत्र के ग्राम तिवरता निवासी विजय कुमार राज किसान हैं। शनिवार दोपहर वह अपने समधन ब्रिज बाई की कार में सवार होकर ताला महोत्सव मेला देखने संबलपुरी बिल्हा गए थे। उसके साथ समधन ब्रिज बाई, विमला गोड़ और बृहस्पति गोड़ भी थे। मेले देखने के बाद संबलपुरी से रात तकरीबन 2.30 बजे माचा डोली बांगो लौटने के लिए निकले।
रात तकरीनब 3.35 बजे एनएच-130 पर रतनपुर के पास ढाबा के सामने कार रोकी। वहां पहले से दो कार खड़ी थी। सामने सफेद रंग की क्रेटा और पीछे हरे रंग की कार से चार लोग नीचे उतरे और उनकी कार के पास आए और इशारों ही इशारों में कार से बाहर निकलने के लिए कहा। विजय के कार से बाहर निकलते ही युवकों ने कार की चाबी मांगी। मना करने पर उन्होंने हाथ-मुक्की करते हुए मारपीट की और कार की चाबी छीन ली। युवकों ने पीछे बैठी महिलाओं को भी कार से बाहर उतार दिया और कार लेकर अंबिकापुर रोड की ओर भाग निकले। कार में तीन मोबाइल फोन और एक पर्स रखा था, जिसमें 7-8 हजार रुपए थे। पीड़ितों ने पुलिस को बताया कि लुटेरों की उम्र 30 से 35 वर्ष के बीच थी। सभी टी-शर्ट और जींस पहने हुए थे। एक आरोपी के चेहरे पर काले धब्बे का निशान था। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।