800 रुपये की कमाई दिखाकर ठगों ने हड़पे 8 लाख रुपये, शेयर मार्केट निवेश के नाम पर की ठगी
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर उसलापुर में रहने वाले वन विभाग के कर्मचारी को शेयर मार्केट में निवेश पर मोटा मुनाफा का लालच देकर जालसाजों ने पहले 800 रुपये का फायदा कराया। इसके बाद लालच में फंसकर जालसाज ने उनसे 8 लाख की ठगी कर ली। पीड़ित कर्मचारी ने इसकी शिकायत सकरी थाने में की है। पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
उसलापुर के साईं आनंदम के पास रहने वाले आकाश जायसवाल (35) वन विभाग में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी हैं। उनके मोबाइल पर टेलीग्राम के माध्यम से एक मैसेज आया था। शेयर मार्केट में निवेश करने पर मोटा मुनाफा मिलने की बात कही गई थी। मैसेज को देखकर लालच में आए वन कर्मी ने दो हजार रुपये का निवेश कर दिया। इसके दूसरे दिन ही उसे 800 रुपये का फायदा होना बताया गया। एक ही दिन में 800 रुपये का मुनाफा मिलने पर वे जालसाजों के झांसे में आ गए। जब उन्होंने ज्यादा रुपये निवेश किए तो रुपये फंस जाने की बात कही जाने लगी। इसे वापस निकालने की बात कहने पर जालसाज और रुपये मांगने लगे। जालसाजों की बातों में आकर उन्होंने अलग-अलग कर 8 लाख 83 हजार रुपये बताए खातों में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद भी उनके रुपये वापस नहीं मिले। तब जाकर उन्हें ठगी का एहसास हुआ। 9 दिनों तक उनसे लगातार रुपये लेने के बाद जालसाजों ने मैसेज करना बंद कर दिया। पीड़ित ने इसकी शिकायत सकरी थाने में की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
लोन लेकर दिए जालसाजों को रुपये
पीड़ित ने बताया कि उनके मोबाइल पर 31 दिसंबर को पहली बार मैसेज आया था। इसके बाद वे लगातार रुपये मांगते रहे। मोटा मुनाफा मिलने के लालच में उन्होंने पहले तो अपनी जमा पूंजी गंवाई। इसके बाद उन्होंने लोन लेकर जालसाजों को रुपये दिए। वन विभाग के दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी ने लालच में आकर पहले तो अपनी जमा पूंजी गंवाई। इसके बाद उन्होंने मोटी रकम लोन पर ले ली। अब वे कर्ज में भी डूब गए हैं।