100 बार उठक-बैठक की सजा से छात्र की हालत बिगड़ी, BEO ने शिक्षिकाओं को जारी किया नोटिस
मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी: छत्तीसगढ़ के मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी जिले के पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में एक छात्र को शिक्षिकाओं की ओर से तालिबानी सजा दिए जाने का मामला सामने आया है। छात्र से 100 बार उठक-बैठक करवाया गया, जिसके कारण छात्र बिस्तर से नहीं उठ पा रहा है। वहीं छात्र के परिजनों की शिकायत पर BEO ने शिक्षिकाओं को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला अंबागढ़ चौकी के पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय का है। यहां की दो शिक्षिकाओं ने सजा के नाम पर एक छात्र से 100 बार उठक-बैठक लगवाया, जिसके कारण छात्र को कमजोरी और शारीरिक परेशानी की शिकायत हो गई। उसका इलाज अस्पताल में जारी है। इधर छात्र के परिजनों की शिकायत पर BEO ने शिक्षिकाओं को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
सलामुद्दीन अंसारी ने जिला शिक्षा अधिकारी और कलेक्टर से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए बताया कि उसका बेटा मोहम्मद अशरफ अंसारी पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय अंबागढ़ चौकी में कक्षा 10वीं का छात्र है। दिसंबर 2025 में स्कूल की ही दो शिक्षिकाओं रूची भांगे और वर्षा प्रधान ने किसी कारण उनके बेटे को 100 बार उठक-बैठक करने की सजा दी थी।
रायपुर में छात्र का इलाज जारी
100 बार उठक-बैठक करने के कुछ दिन बाद उसके बेटे की तबीयत बिगड़ गई। उसे उठने-बैठने में दिक्कतें आने लगी, जिसके बाद उसे स्वास्थ्य केंद्र अंबागढ़ चौकी ले जाया गया। इसके बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए 3 फरवरी 2026 को रायपुर रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
परिजनों को सताई परीक्षा की चिंता
10वीं बोर्ड परीक्षा भी पास में है। ऐसे में इस घटना को लेकर छात्र के परिजनों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि शिक्षिकाओं ने अनुशासन के नाम पर छात्र के साथ अमानवीय व्यवहार किया है। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी और कलेक्टर से जांच कर दोषी शिक्षिकाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
छात्र के परिजनों की शिकायत के बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी एस के धीवर का कहना है कि दंड देने वाली शिक्षिकाओं रूची भांगे और वर्षा प्रधान को नोटिस जारी किया गया है और इस संबंध में जवाब भी मांगा गया है।

