सूदखोर हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर गिरफ्तार, 2019 के मामले में कोतवाली पुलिस ने भेजा जेल
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कुख्याम हिस्ट्रीशीटर और सूदखोर रोहित तोमर को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को 2019 के एक मामले में पकड़ा गया है। आरोपी पर जान से मारने की धमकी, मारपीट, प्रताड़ना के तहत कोर्ट से जारी वारंट के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
जानिए पूरा मामला
दरअसल, 2019 में कोतवाली थाने में रोहित के खिलाफ 327, 384, 506 के तहत अपराध दर्ज है। इस मामले में रोहित तोमर लंबे समय से फरार चल रहा था। कोर्ट के द्वारा स्थाई वारंट जारी करने के बाद कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुये रोहित तोमर को गिरफ्तार किया और कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
तेलीबांधा में दर्ज मामले में गिरफ्तारी पर सुप्रीम कोर्ट की रोक
बता दें कि रोहित तोमर और उसके भाई विरेंद्र तोमर के खिलाफ शहर के कई थानों में कई गंभीर धाराओं पर अपराध दर्ज है। तेलीबांधा थाने में रोहित तोमर के खिलाफ दर्ज मारपीट के मामले में उसकी गिरफ्तारी पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगाईं है। इस मामले में आरोपी छह माह तक फरारी काटने के बाद कोर्ट का आदेश लेकर इसी माह रायपुर कोर्ट पहुंचा था। कोर्ट के आदेश की वजह से तेलीबांधा पुलिस ने उसे गिरफ्तार नहीं किया था।
चूँकि कोतवाली थाने में दर्ज अपराध में आरोपी फरारी काट रहा था। मामले में कोर्ट के आदेश के बाद रोहित तोमर को गिरफ्तार किया गया और कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।