बैंडवालों का खूनी हमला: दुल्हन के भाई को दौड़ा दौड़ाकर मारा, वारदात कैमरे में कैद
धमतरी। धमतरी में दुल्हन के भाई की हत्या कर दी गई है। युवक शनिवार रात में चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आया था, तभी उसका विवाद बैंड वालों से हो गया और उन्होंने उसकी चाकू मारकर हत्या कर दी। वहीं चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिग सहित 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना मगरलोड थाना क्षेत्र की है।
मगरलोड थाना क्षेत्र के भोथीडीह गांव में शादी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गई, जब बैंड वालों ने दुल्हन के भाई को ही पीट-पीटकर मार डाला। बताया जा रहा है कि धक्का लगने को लेकर हुए विवाद के बाद बैंड वालों ने हत्या की इस वारदात को अंजाम दिया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान चंदन निषाद के रूप में हुई है, जो कि गरियाबंद जिले के मालगांव का रहने वाला था। चंदन की बहन की शादी 20 फरवरी को भोथीडीह में हुई है। 21 फरवरी की रात वह चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपनी बहन के ससुराल भोथीडीह आया हुआ था। स्वागत कार्यक्रम के दौरान चंदन अपने दोस्तों के साथ नाच रहा था, तभी धक्का लगने से उसका विवाद बैंड वालों के साथ हो गया।
इसके बाद 7 बैंड वालों ने जान से मारने की धमकी देते हुए चंदन और उसके दोस्त पर हमला कर दिया। इसके बाद चंदन और उसके दोस्तों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। इसी दौरान उन्होंने उसपर चाकू से हमला कर दिया, जिसके बाद चंदन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
वहीं चंदन के चार दोस्त भी इस मारपीट में गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शिकायत के बाद दो नाबालिग सहित 7 आरोपियों तोषण चक्रधारी (18), अभिषेक पटेल (20), हिनेश उर्फ हिनेश्वर (18), ताम्रज कंवर (18) और गुलाब दीवान (20) को गिरफ्तार कर लिया है।