Google Analytics —— Meta Pixel

पुतला दहन के दौरान बड़ा हादसा, झुलसे युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष

123

सारंगढ़-बिलाइगढ़| छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाइगढ़ जिले में मंगलवार को एक विरोध प्रदर्शन के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष शुभम बाजपेयी पुतला दहन के दौरान आग की चपेट में आ गए। इस हादसे में उनके चेहरे और सिर का हिस्सा गंभीर रूप से झुलस गया है। आनन-फानन में कार्यकर्ताओं ने उन पर पानी से भरा ड्रम डालकर आग बुझाई और इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

जानकारी के अनुसार, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार को युवा कांग्रेस द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा था। प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष शुभम बाजपेयी खुद कर रहे थे। कार्यकर्ता भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध जताने के लिए कार से पुतला निकाल रहे थे। इसी दौरान वहां तैनात पुलिस बल के साथ कार्यकर्ताओं की तीखी झड़प और धक्का-मुक्की भी हुई।

बताया जा रहा है, जब कार्यकर्ता पुतले को जलाने का प्रयास कर रहे थे, तभी एक व्यक्ति ने पुतले पर पेट्रोल छिड़क दिया। पेट्रोल की कुछ बूंदें सीधे जिलाध्यक्ष शुभम बाजपेयी के चेहरे पर जा गिरीं। जैसे ही पुतले में आग लगाई गई, लपटों ने उन्हें भी अपनी चपेट में ले लिया।

​हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने मुस्तैदी दिखाते हुए पास ही रखे पानी के ड्रम को जिलाध्यक्ष पर उडेल दिया, जिससे आग पर काबू पाया जा सका। इसके बाद उन्हें तुरंत निजी वाहन से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

​घटना के बाद अस्पताल परिसर और प्रदर्शन स्थल पर कांग्रेस नेताओं और पुलिस प्रशासन के बीच तीखी बहस हुई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस की जबरन झड़प और अफरा-तफरी की वजह से यह हादसा हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और स्थिति को शांत करने का प्रयास कर रही है।

रीसेंट पोस्ट्स