Weather Update : ठंड की विदाई, अब बढ़ेगा तापमान, बंगाल की खाड़ी का लो प्रेशर सिस्टम खत्म
रायपुर| अब ठंड की विदाई के साथ ही गर्मी की शुरुआत होने वाली है। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद अब छत्तीसगढ़ का मौसम शुष्क हो गया है। अगले एक सप्ताह में तापमान में 3 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग (IMD) ने अभी बारिश की कोई खास संभावना नहीं जताई है, तो चलिए जानते हैं कि आपके शहर में आज का मौसम कैसा रहेगा ?
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, पिछले दिनों दक्षिण बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया बना था, जिसके कारण छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ बारिश हुई और तापमान में भी कमी देखने को मिली। वहीं अब मौसम पूरी तरह से साफ रहने वाला है। यानी की अब ठंड की विदाई के साथ ही गर्मी बढ़ने वाली है।
मौसम विभाग (IMD) की माने तो अगले 7 दिनों में छत्तीसगढ़ के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। वहीं रात के न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव के संकेत नहीं है, जिस वजह से रात और सुबह के वक्त हल्की ठंड देखने को मिल सकती है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी सुबह और शाम के वक्त हल्की ठंड महसूस की जा रही है।
बता दें कि पिछले दिनों दक्षिण बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया का असर छत्तीसगढ़ में देखने को मिला था। 24 फरवरी से मौसम का मिजाज बदल गया था, जिसके कारण छ्त्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर, बिलासपुर, धमतरी, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मनेन्द्रगढ़-भरतपुर-चिरमिरी, महासमुंद, रायगढ़, जशपुर, कोरिया, सूरजपुर, अंबिकापुर, बलौदाबाजार, कोरबा, सरगुजा, कोंडागांव, कांकेर, गरियाबंद और बस्तर सहित सभी 33 जिलों में बारिश हुई।
मौसम के बदलते मिजाज का असर लोगों की सेहत पर पड़ता है। मौसम में बदलाव के कारण सर्दी, खासी, बुखार और हाइपोथर्मिया जैसी समस्या होने लगती है। ऐसे में मौसम विभाग (IMD) ने सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासकर बुजुर्गों और बच्चों का ख्याल रखने की अपील की गई है।
गर्मी से बचाव के लिए क्या करें ?
शरीर में पानी की मात्रा कम होने न दें।
तरबूज, खरबूजा सहित पानी से भरपूर फल-सब्जियां खाएं।
खान-पान का खास ख्याल रखें और तला हुआ भोजन खाने से बचें।
दोपहर में 12 से 3 बजे के बीच घर से बाहर न निकलें। अगर जरूरी है, तो अपने सिर को ढक लें या फिर छाते का इस्तेमाल करें।