Google Analytics —— Meta Pixel

फिल्म ‘शतक’ को छत्तीसगढ़ सरकार ने किया टैक्स-फ्री, CM साय का कहना– युवा पीढ़ी को मिलेगी देशभक्ति की सीख

image-13-9-1024x521
रायपुर| छत्तीसगढ़ सरकार ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूरे होने पर बनी फिल्म ‘शतक’ को प्रदेश में टैक्स-फ्री करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर स्थित जोरा मॉल में फिल्म देखने के बाद यह घोषणा की। इस अवसर पर मंत्रिमंडल के सदस्य और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘शतक’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और सेवा भावना का सजीव दस्तावेज है। उनके अनुसार, फिल्म के माध्यम से संघ की विचार यात्रा और सामाजिक योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार ने इसे करमुक्त करने का फैसला लिया, ताकि अधिक से अधिक लोग इसे देख सकें।

उन्होंने बताया कि संघ की स्थापना डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के विचारों से हुई थी और बाद में माधवराव सदाशिवराव गोलवलकर के नेतृत्व में संगठन का व्यापक विस्तार हुआ। एक शताब्दी की यह यात्रा लाखों स्वयंसेवकों के समर्पण और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, सेवा और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में संगठन की भूमिका उल्लेखनीय रही है। आपदा और संकट के समय स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी समाज को मजबूती देने में सहायक रही है।

उन्होंने विश्वास जताया कि ‘शतक’ फिल्म युवाओं सहित समाज के सभी वर्गों को राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच और सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेगी।