रायपुर में सरकारी अफसर की पत्नी के साथ दुष्कर्म, कारोबारी ने ब्लैकमेल और बंधक बनाकर किया अपराध
रायपुर| राजधानी रायपुर में सरकारी अफसर की पत्नी के साथ दुष्कर्म का एक मामला सामने आया है। यहां एक कारोबारी ने 8 मार्च को सरकारी अफसर की पत्नी को बंधक बनाकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। आरोपी के चंगुल से छुटकर जब पीड़िता थाने पहुंची तब इसका खुलासा हुआ और शिकायत के बाद पुलिस ने 10 मार्च को कारोबारी गोपाल गोयल को गिरफ्तार कर लिया। यह पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता सिविल लाइन थाना क्षेत्र के स्वर्ण भूमि सोसायटी की रहने वाली है और सरकारी अफसर की पत्नी है। बताया जा रहा है कि आरोपी गोपाल गोयल भी पीड़िता के घर के पड़ोस में रहता है और पुरानी गाड़ियों का कारोबार करता है। पीड़िता और आरोपी के बीच जान पहचान के बाद प्रेम प्रसंग चल रहा था।
बताया जा रहा है कि कारोबारी से अवैध संबंध की जानकारी पीड़िता के पति को हो गई थी, जिसको लेकर उसका विवाद आरोपी के साथ हुआ था। विवाद के बाद आरोपी मौका पाकर पीड़िता के घर में घुस आया और उसका फोटो-वीडियो बना लिया। इसी के आधार पर वह उसे ब्लैकमेल करने लगा, जिससे परेशान होकर पीड़िता ने खुदकुशी करने की कोशिश भी की।
मामले में नया ट्विस्ट तब आया जब 8 मार्च को कारोबारी ने पीड़िता को अपने घर में बंधक बना लिया और जबरन उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद पीड़िता मौका पाकर आरोपी के चंगुल से भागकर थाने पहुंची और मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने भी 10 मार्च को सोसायटी में दबिश देकर आरोपी गोपाल गोयल को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में सिविल लाइन थाना प्रभारी यमन देवांगन ने कहा कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की रेप से संबंधित धाराओं के साथ-साथ अनुसूचित जाति और जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। इसके अलावा पीड़िता का हेल्थ चेकअप कराकर उसके बयान दर्ज किए गए हैं। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।