ज्वेलरी शॉप में चौंकाने वाली वारदात: ट्राई करने के बहाने 5 लाख के गहने पहनकर भागी महिला
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में दिन दहाड़े एक महिला पांच लाख के जेवर लेकर फरार हो गई। महिला का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें महिला दुकान के बाहर निकलकर मोबाइल से बात करते हुए दिख रही है। पीड़ित दुकानदार की शिकायत पर पुलिस महिला की तलाश कर रही है। घटना टिकरापारा थाना क्षेत्र के एक ज्वेलरी शाॅप की है।
जानिए पूरी घटना
दरअसल, यह पूरा मामला 12 मार्च का है। कुशालपुर तिरंगा चौक निवासी दुर्गा सोनी की टिकरापारा थाना क्षेत्र के देवपुरी स्थित सतनाम चौक में मां दुर्गा ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। 12 मार्च की दोपहर साढ़े 3 बजे एक महिला और युवक दुकान पहुंचे थे। दोनों ने दुकानदार पंकज सोनी को रानी हार दिखाने को कहा। पंकज सोनी ने हार दिखाया तो महिला ने ट्राई करने के नाम पर रानी हार, सोने की बाली, अंगूठी और चांदी की पायल पहन लिया।
सोने के आभूषण पहनने के बाद महिला ने अपने पास से एक मोबाइल निकाला और दुकान के संचालक से कहने लगी कि उसकी एक सहेली बैंक से रूपए लेकर आ रही है और वो पेमेंट करेगी। ऐसा कहते हुए महिला दुकानदार को अपनी बातों में उझाते हुए मोबाइल से बात करते हुए बाहर निकल गई।
काफी देर होने के बाद भी महिला दुकान वापस नहीं आई तो उसके साथ आए युवक को महिला को बुलाने के लिए कहा गया। महिला कुछ ही देर में दुकान आने की बात मोबाइल पर कहने लगी, लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी महिला वापस नहीं लौटी। इसी बीच आरोपी युवक भी भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे दुकान के कर्मचारियों ने पकड़ा और इसकी सूचना टिकरापारा थाने को दी गई।
महिला के साथ आए युवक ने अपना नाम मेषराम साहू और महिला का नाम कमलेश्वरी साहू बताया है। पुलिस आरोपी युवक से पूछताछ के बाद महिला की तलाश में जुट गई है। बताया जा रहा है कि महिला ने करीब 5 लाख के जेवर अपने साथ ले गई।
फिलहाल एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें महिला दुकान के बाहर निकलकर फोन से बात करते हुए दिख रही है। पुलिस सीसीटीवी और महिला के साथ आए युवक से पूछताछ के बाद महिला को जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। मामले में जांच करते हुए महिला की तलाश जारी है।