चाकू ऑनलाइन मंगाकर किया जानलेवा हमला, ‘मीशो’ के एरिया मैनेजर समेत दो कर्मचारी पुलिस गिरफ्त में

1312029-hjhjh

दुर्ग। क्या आप भी ऑनलाइन शॉपिंग एप्स से चाकू मंगा रहे हैं? तो यह आपके लिए एक चेतावनी है। ऑनलाइन चाकू मंगााने वाले और ऑनलाइन चाकू बेचने वाली कंपनी के खिलाफ अब दुर्ग पुलिस ‘एक्शन मोड’ पर है। पुलिस ने ऑनलाइन कंपनी मीशो के एरिया मैनेजर और डिलीवरी मैनेजर को गिरफ्तार किया है। दोनों पर आरोप है कि दुर्ग जिले में एक आरोपी को ऑनलाइन चाकू की डिलीवरी की थी। आरोपी ने इसी चाकू से एक युवक पर जानलेवा हमला किया था। मामले में आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया था और पूछताछ के बाद मीशो कंपनी के दो कर्मचारियों को भी पकड़ा गया।

जानिए पूरा मामला

दरअसल, 15 फरवरी 2026 को बोरसी निवासी शिवनंदन मारकण्डे पर आरोपी प्रकाश यादव ने पुरानी रंजिश के चलते चाकू से हमला किया था। पीड़ित को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। पद्मनाभपुर पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और जेल भेज दिया था।

आरोपी ने पूछताछ के दौरान मीशो से ऑनलाइन चाकू मंगाकर घटना को अंजाम देने की बात कबूल की थी। पुलिस ने आरोपी से हुए पूछताछ के बाद आगे की जांच कार्रवाई की। इस दौरान पता चला कि प्रतिबंधित धारदार हथियार 14 सितंबर 2025 को मीशो ऐप से ऑनलाइन ऑर्डर किया गया था। पुलिस ने मामले में कंपनी के जिम्मेदारों से बातचीत की और प्रतिबंधित चाकू को लेकर दस्तावेज मांगे, लेकिन दुर्ग एरिया मैनेजर लोकोप्रियो बानिक ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया।

पुलिस ने जांच में यह भी पाया कि प्रतिबंधित चाकू को ऑनलाइन कंपनी मीशो ने बिना किसी सत्यापन के ग्राहक को बेचकर सीधे आर्म्स एक्ट की धारा का उल्लंघन किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मीशो के एरिया मैनेजर और डिलीवरी मैनेजर को गिरफ्तार किया। साथ ही धारा 94 एवं 179 BNSS और 25(1)(क), 27(3) तथा धारा 5 एवं 7 आर्म्स एक्ट की धारा के तहत आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

एसएसपी विजय अग्रवाल ने जिले के लोगों से अपील की हैं कि वे ऑनलाइन माध्यमों से किसी भी प्रकार की अवैध या प्रतिबंधित वस्तु न खरीदें। यदि कोई ऐसा करते पाया गया तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही चाकू डिलीवरी करने वाली कंपनियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।