रायपुर में टीआई पर हमला: हाथ मरोड़ा, कंधे में आई चोट; आरोपी की धमकी– तुम मुझे जानते नहीं
रायपुर। राजधानी रायपुर में एक युवक को समझाना टीआई को भारी पड़ गया। बदमाश ने दादागिरी करते हुए ड्यूटी में तैनात टीआई का हाथ मरोड़ दिया। घटना में टीआई के कंधे में चोट आई है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना गंज थाना क्षेत्र की है।
दरअसल, यह मामला गंज थाना क्षेत्र का है। 14 मार्च की रात करीब 12.25 बजे गंज थाना प्रभारी सुनील दास, आरक्षक जितेश मांझी और सौरभ यादव के साथ शहर में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान नमस्ते चौक के पास भारी ट्रैफिक जाम और भीड़ लगी थी। टीआई मौके पर पहुंचे तो एक युवक अपनी कार मारूति सुजुकी को गलत तरीके से मोड़कर सड़क के बीच खड़ा कर दिया था, जिसकी वजह से सड़क पर लंबा जाम लग गया था।
टीआई ने आरोपी युवक को समझाया और उसे गाड़ी हटाने को कहा, इतने में आरोपी भड़क उठा और धमकी देने लगा कि तुम मुझे नहीं जानते मैं कौन हूं। आरोपी ने अपना नाम हंसु कुमार चंद्रवंशी बताया। टीआई और उनकी टीम के द्वारा बार-बार समझाने के बाद भी आरोपी बहस करते हुए गंज थाना प्रभारी सुनील दास से धक्का-मुक्की करने लगा। इतना ही नहीं आरोपी ने थाना प्रभारी का हाथ मरोड़ दिया।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आरोपी को पकड़ा और तत्काल उसे थाने लाया गया। मेडिकल परीक्षण में पता चला कि आरोपी शराब के नशे में था। पुलिस कर्मियों ने घटना में घायल थाना प्रभारी को एम्स अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डाॅक्टरों के द्वारा उनके कंधे के डिस्लोकेट होने की पुष्टि की।
वहीं, आरोपी हंसु कुमार चंद्रवंशी 23 निवासी बोरतरा खुर्द कबीरधाम के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अपराध दर्ज किया और जेल भेजा गया।
आरोपी का नाम
हंसु कुमार चंद्रवंशी पिता दिलीप चन्द्रवंशी उम्र 23 वर्ष साकिन- बोरतराखुर्द रामपारा बरगद पेड के पास थाना कुण्डा जिला कबीरधाम