दोस्ती के बहाने सोशल मीडिया पर फंसाया, दुष्कर्म और वसूली की घटना, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

1312226

रायगढ़। रायगढ़ जिले में नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म और डरा-धमकाकर पैसे वसूलने के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी का नाम उद्धव दास महंत है।

महिला थाना में 15 मार्च को 17 वर्षीय बालिका अपने परिजनों के साथ आरोपी उध्दव दास महंत 21 वर्ष के विरुद्ध जबरदस्ती शारीरिक संबंध व डरा-धमकाकर 10,000 वसूली की शिकायत दर्ज कराई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना द्वारा तत्काल अपराध क्रमांक 18/2026 धारा 64, 351(3) बी.एन.एस. तथा 04 पोक्सो एक्ट के तहत मामला कायम कर आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि उसकी मुलाकात अपने मामा के गांव में आरोपी से हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच इंस्टाग्राम पर बातचीत शुरू हुई। दिनांक 26 जनवरी को आरोपी उसे स्कूल के पास से मोटरसाइकिल में बैठाकर घुमाने के बहाने अपने किराए के मकान बाजीपाली ले गया, जहां बहला-फुसलाकर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाया और किसी को बताने पर धमकी दी। इसके बाद 11 मार्च को आरोपी पीड़िता के घर के पास पहुंचकर उसे डरा-धमकाकर 10,000 की मांग की, जिसे भयवश पीड़िता ने दे दिया। घटना की जानकारी परिजनों को मिलने पर पीड़िता को लेकर महिला थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

मामले में थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त द्वारा कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जप्त की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, विल्फ्रेड मसीह, प्रधान आरक्षक संदीप भगत, राजेश उरांव एवं थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही।

एसएसपी की कड़ी चेतावनी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा “महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराध अत्यंत गंभीर श्रेणी में आते हैं। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जा रही है। लोगों से अपील है कि ऐसे मामलों को छिपाएं नहीं, तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि पीड़ित को न्याय और आरोपियों को सजा दिलाई जा सके।”