शेयर बाजार में हड़कंप: तेल विवाद का बाजार पर असर, सेंसेक्स 1900 अंक टूटा; निफ्टी में भी जबरदस्त गिरावट

share market

शेयर मार्केट| ग्लोबल मार्केट से आई एक बुरी खबर ने भारतीय शेयर बाजार की कमर तोड़ दी है। खाड़ी देशों में छिड़ी तेल की जंग का सीधा असर दलाल स्ट्रीट पर देखने को मिला है। गुरुवार को बाजार खुलते ही बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी ताश के पत्तों की तरह ढह गए। इस बड़ी गिरावट के बाद निवेशकों के बीच हड़कंप मच गया है।

दरअसल, खाड़ी देशों में मौजूद प्रमुख तेल और गैस फील्ड्स पर हुए दनादन मिसाइल हमलों ने पूरी दुनिया को चौंका दिया है। इस हमले के तुरंत बाद इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल (Crude Oil) की किल्लत का डर बैठ गया है। अचानक उछलकर 113 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है। तेल महंगा होने की आशंका ने एशियाई बाजारों सहित भारतीय बाजार में कोहराम मचा दिया है।

भारतीय शेयर बाजार आज जैसे ही खुला, स्क्रीन लाल निशानों से भर गई। महज कुछ ही मिनटों में निवेशकों को तगड़ा झटका लगा है। सेंसेक्स (Sensex) 76,704 की तुलना में सीधे 74,750 पर ओपन हुआ और देखते ही देखते 1900 अंक नीचे गिरकर 74,685 के स्तर तक पहुंच गया। निफ्टी (Nifty) अपने पिछले बंद 23,777 के मुकाबले 550 अंक से ज्यादा टूटकर 23,197 पर खुला।

बाजार के जानकारों का कहना है कि जब तक खाड़ी देशों में तनाव कम नहीं होता, तब तक बाजार में अस्थिरता बनी रहेगी। गौरतलब है कि रिलायंस, ओएनजीसी और पेंट सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा हलचल देखी जा रही है। विशेषज्ञों की सलाह है कि छोटे निवेशक अभी जल्दबाजी में कोई बड़ा फैसला न लें और बाजार के स्थिर होने का इंतजार करें।

प्रशासन और वित्त मंत्रालय की नजरें भी ग्लोबल हालातों पर टिकी हैं। अगर तेल की कीमतें इसी तरह बढ़ती रहीं, तो आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल के दाम और महंगाई पर इसका सीधा असर पड़ सकता है। फिलहाल, दलाल स्ट्रीट पर केवल बिकवाली का माहौल बना हुआ है।

रीसेंट पोस्ट्स