जरूरी खबर: पंडरी में पासपोर्ट सुविधा खत्म, जानिए अब कहां बनेगा पासपोर्ट, 6 अप्रैल से नए आवेदकों के साथ-साथ पुराने पेंडिंग काम भी इसी पते पर निपटाए जाएंगे
रायपुर| राजधानी रायपुर के पासपोर्ट आवेदकों के लिए एक बड़ी खबर सामने आ रही है। पंडरी स्थित श्याम प्लाजा में सालों से चल रहा पासपोर्ट सेवा केंद्र (PSK) अब हमेशा के लिए बंद होने जा रहा है। 6 अप्रैल से पासपोर्ट से जुड़े सभी काम अब तेलीबांधा स्थित नए हाई-टेक ऑफिस में होंगे।
दरअसल, पासपोर्ट विभाग ने सुविधाओं को और आधुनिक बनाने के लिए यह बड़ा फैसला लिया है। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के मुताबिक, पंडरी में पुराना बस स्टैंड के सामने जो केंद्र चल रहा था, उसे अब तेलीबांधा मेन रोड पर स्थित वन हाई स्ट्रीट (One High Street) की दूसरी मंजिल पर शिफ्ट कर दिया गया है।
ग्राउंड सूत्रों की मानें तो पुराने ऑफिस में जगह की कमी और बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन लंबे समय से नई जगह की तलाश में था। अब 6 अप्रैल से नए आवेदकों के साथ-साथ पुराने पेंडिंग काम भी इसी नए पते पर निपटाए जाएंगे।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि नए केंद्र को काफी आधुनिक बनाया गया है। तेलीबांधा एक प्राइम लोकेशन है और यहां पार्किंग से लेकर बैठने तक की बेहतर व्यवस्था है। इस बदलाव का मुख्य उद्देश्य पासपोर्ट बनवाने की प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी, सुविधाजनक और तेज बनाना है।
इस शिफ्टिंग से रायपुर ही नहीं, बल्कि बिलासपुर, भिलाई और महासमुंद से आने वाले लोगों को भी फायदा होगा। तेलीबांधा रोड से कनेक्टिविटी बेहतर है।