15 हिरणों की मौत के बाद कार्रवाई: सरगुजा के प्रभारी वन संरक्षक IFS प्रभाकर खलखो हटाए गए, परदेशी को सौंपी गई जिम्मेदारी
रायपुर| छत्तीसगढ़ के वन महकमे में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब मंत्रालय से दो बड़े IFS अफसरों के तबादले का फरमान जारी हुआ। कहने को तो यह प्रशासनिक फेरबदल है, लेकिन जानकारों की मानें तो अंबिकापुर के संजय पार्क में हिरणों की मौत और उसके बाद रेस्क्यू सेंटर को लेकर हुए विवाद का ये असर है।
राज्य शासन द्वारा जारी सूची के अनुसार, अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए पदों पर पदस्थ किया गया है। प्रभाकर खलखो (IFS 2014) जो अब तक प्रभारी वन संरक्षक, कार्य योजना मंडल, सरगुजा के पद पर तैनात थीं। इन्हें अब वन उप संरक्षक (प्रादेशिक), कोरिया की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं चन्द्रशेखर शंकर सिंह परदेशी (IFS 2020)को कोरिया में वन उप संरक्षक (प्रादेशिक) के पद पर कार्यरत थे। शासन ने इन्हें अब प्रभारी वन संरक्षक, कार्य योजना मंडल, सरगुजा के पद पर पदस्थ किया है।
बता दें कि पिछले कुछ दिनों से अंबिकापुर का संजय पार्क सुर्खियों में था। यहां 20 मार्च को न केवल हिरणों की मौत हुई, बल्कि रेस्क्यू सेंटर को लेकर भी भारी अव्यवस्था की खबरें सामने आई थीं। सूत्रों का कहना है कि शासन इस लापरवाही से नाराज था, जिसके बाद आज यह बड़ी कार्रवाई की गई है।