7 साल के लंबे अंतराल के बाद रायपुर से जयपुर के बीच हवाई सफर एक बार फिर शुरू, जानें पूरा शेड्यूल

indigo

रायपुर| करीब सात साल के लंबे अंतराल के बाद रायपुर से जयपुर के बीच हवाई सफर एक बार फिर शुरू हो गया है। हालांकि इस बार यह सेवा सीधे नहीं, बल्कि कनेक्टिंग फ्लाइट के रूप में उपलब्ध कराई गई है। इस नई व्यवस्था से दोनों शहरों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।  IndiGo एयरलाइंस ने इस रूट को हैदराबाद के जरिए जोड़ते हुए संचालन शुरू किया है।

एयरलाइन के शेड्यूल के अनुसार रायपुर से सुबह 9 बजे उड़ान भरने वाली फ्लाइट (6E7555) सुबह 10:50 बजे हैदराबाद पहुंचती है। इसके बाद यात्री हैदराबाद से जयपुर जाने वाली फ्लाइट (6E0913) पकड़ सकते हैं, जो सुबह 11:50 बजे उड़ान भरकर दोपहर 1:45 बजे जयपुर पहुंचती है।   इस रूट के लिए किराया लगभग 6 हजार से 9 हजार रुपए के बीच रखा गया है, जो मौजूदा समय में हवाई यात्रा के हिसाब से संतुलित माना जा रहा है।

एयरलाइन ने इन फ्लाइट्स के लिए 72 सीटर एटीआर विमान तैनात किए हैं, जो क्षेत्रीय कनेक्टिविटी के लिए उपयुक्त माने जाते हैं।  दरअसल, इससे पहले इसी एयरलाइन की ओर से रायपुर-भोपाल-जयपुर फ्लाइट संचालित की जाती थी, लेकिन तकनीकी कारणों के चलते इस सेवा को बंद कर दिया गया था।  इसके बाद से दोनों शहरों के बीच सीधी हवाई कनेक्टिविटी खत्म हो गई थी और यात्रियों को लंबा रूट या दूसरे शहरों के जरिए यात्रा करनी पड़ती थी।

नई व्यवस्था में यात्रियों को एक और अतिरिक्त सुविधा भी दी गई है। जयपुर पहुंचने के बाद वे उसी नेटवर्क के जरिए मुंबई के लिए भी कनेक्टिंग फ्लाइट ले सकते हैं। जयपुर से मुंबई के लिए फ्लाइट (6E5324) दोपहर 3:55 बजे उड़ान भरती है और शाम 5:40 बजे मुंबई पहुंचती है। वहीं, मुंबई से वापसी में यही फ्लाइट शाम 7:50 बजे रवाना होकर रात 9:30 बजे रायपुर पहुंचती है। इस तरह अब यात्री रायपुर से हैदराबाद होते हुए जयपुर और आगे मुंबई तक एक ही कनेक्टिविटी में सफर कर सकेंगे।

ट्रैवल्स एसोसिएशन से जुड़े पदाधिकारियों के मुताबिक इन सभी फ्लाइट्स की टिकट बुकिंग शुरू हो चुकी है और यात्रियों की ओर से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। लंबे समय बाद इस रूट के फिर से शुरू होने से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि दोनों राज्यों के बीच आर्थिक और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।

ऐसा रहेगा शेड्यूल

6E7555 रायपुर-हैदराबाद सुबह 9-10.50

6E0913 हैदराबाद-जयपुर सुबह 11.50- दोपहर 1.45

6E5324 जयपुर-नवी मुंबई दोपहर 3.55- शाम 5.40

6E2371 नवी मंुबई-रायपुर रात 7.50- रात 9.30 बजे

रीसेंट पोस्ट्स