आईडीबीआई बैंक घोटाले के विरोध में धरना, ग्रामीण इलाकों में मुनादी कर लोगों को जागरूक करने का लिया निर्णय
रायपुर| धरसीवां में हुए आईडीबीआई बैंक घोटाले के पीड़ित खातेदारों ने आंदोलन तेज कर दिया है। दर्जनों महिला पुरुषों ने बैंक में तालाबंदी कर सामने पंडाल लगा कर धरना–प्रदर्शन किया। इससे पहले लोगों ने संघर्ष समिति बनाकर गांव गांव में घोटालेबाजों के बैंक में निवेश न करने के खिलाफ मुनादी करने की भी घोषणा की। ग्रामीण पुलिस पर भी बैंक प्रबंधकों के खिलाफ कार्यवाही नहीं करने आरोप लगा रहे हैं।
दरअसल बैंक के दो कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों ने दो दर्जन से अधिक खातेदारों के अकांउट से लाखों रूपए की हेराफेरी की है। इसके बाद सभी खातेदार बैंक से अपनी रकम वापस करने की मांग कर रहे हैं। वहीं बैंक प्रबंधक मामले से पल्ला झाड़ रहे हैं।
इस मामले में बैंक की रिपोर्ट पर पुलिस ने पिछले सप्ताह दो कर्मचारियों दुर्गेश शर्मा और राजा खूंटे को गिरफ्तार किया था। इनकी यह ठगी चार लोगों की रकम के हेराफेरी सामने आने पर उजागर हुई थी। पीड़ित पहले ही पुलिस प्रशासन, विधायक, सांसद, पूर्व मुख्यमंत्री, कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन सौंप चुके हैं। पुलिस ने करीब 20 आवेदनों में से 3 मामलों में एफआईआर दर्ज कर दो बैंक कर्मियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हालांकि पीड़ित तत्कालीन बैंक प्रबंधक समेत सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और अपनी रकम की वापसी की मांग पर अड़े हुए हैं।
बहरहाल ग्रामीणों का प्रदर्शन जारी है और वे कार्यवाही की मांग पर अड़े हुए हैं।