नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: बकाया टैक्स के चलते 2 बड़े स्कूल सील, कमिश्नर सख्त

school closed

रायपुर| रायपुर में आज नगर निगम ने बड़ी स्ट्राइक की है। प्रॉपर्टी टैक्स डकार कर बैठे संस्थानों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए निगम की टीम ने शहर के दो नामी स्कूलों पर ताला जड़ दिया है। कमिश्नर के सख्त आदेश के बाद हुई इस कार्रवाई से पूरे शहर के बड़े बकायेदारों में हड़कंप मच गया है।

दरअसल, यह पूरा एक्शन नगर निगम जोन क्रमांक 4 के राजस्व विभाग ने लिया है। मैदानी सूत्रों ने बताया कि राजधानी के पॉश इलाकों में शुमार बैरनबाजार और शैलेंद्र नगर स्थित होलीक्रॉस स्कूलों पर लंबे समय से निगम का टैक्स बकाया था। बार-बार नोटिस देने के बाद भी जब प्रबंधन ने पैसे जमा नहीं किए, तो आज निगम की टीम ने मौके पर पहुँचकर दोनों स्कूलों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।

बता दें कि इन स्कूलों पर नगर निगम का तगड़ा बकाया था, जिसका हिसाब-किताब कुछ इस तरह है। होलीक्रॉस स्कूल (बैरनबाजार) का करीब 34 लाख रुपये का टैक्स बकाया है। वहीं होलीक्रॉस स्कूल (शैलेंद्र नगर): करीब 24 लाख रुपये का टैक्स बकाया था। इसे लेकर निगम अधिकारियों का कहना है कि नोटिस को हल्के में लेना इन स्कूलों को भारी पड़ गया।

गौरतलब है कि निगम की इस धमक का असर भी तुरंत देखने को मिला। जैसे ही होलीक्रॉस स्कूल कांपा के प्रबंधन को खबर लगी कि बाकी दो ब्रांच सील हो गई हैं, उन्होंने तत्काल सक्रियता दिखाई। अधिकारियों के पहुंचने से पहले ही कांपा प्रबंधन ने अपना पूरा बकाया टैक्स नगर निगम के खाते में जमा कर दिया, जिससे उनकी बिल्डिंग सील होने से बच गई।

राजस्व विभाग के अधिकारियों ने दो टूक कह दिया है कि शहर में टैक्स की चोरी अब नहीं चलेगी। आयुक्त के निर्देश पर अब उन सभी बड़े संस्थानों की लिस्ट तैयार कर ली गई है जो लाखों का टैक्स दबाए बैठे हैं। आने वाले दिनों में रायपुर के कई और रसूखदारों के दफ्तरों और संस्थानों पर निगम का ताला लटक सकता है।