Train Cancelled : आज से इतने दिनों के लिए रद्द रहेंगी 10 ट्रेनें, 14 ट्रेनों का परिचालन रहेगा प्रभावित
रायपुर। बिलासपुर रेलवे जोन के यात्रियों के लिए रेलवे प्रशासन ने भारी मुसीबत खड़ी कर दी है। रेलवे ने कल ही जिन ट्रेनों को ‘यात्री सुविधा’ का हवाला देकर बहाल किया था, आज अचानक एक नया आदेश जारी कर उन्हें फिर से रद्द कर दिया है। भीषण गर्मी के इस मौसम में रेलवे के इस ‘कभी हाँ-कभी ना’ वाले रवैये से यात्रियों में भारी नाराजगी है।
दरअसल, बिलासपुर-झारसुगुड़ा के बीच चौथी रेलवे लाइन को अकलतरा स्टेशन से जोड़ने का काम किया जाना है। रेलवे ने पहले इस काम को रिशेड्यूल कर दिया था, लेकिन अब शुक्रवार को नया आदेश जारी कर बताया गया कि यह काम 11 से 18 अप्रैल तक हर हाल में किया जाएगा। इसी नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य की वजह से कुल 14 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं।
ये ट्रेनें रद्द :-
बिलासपुर और रायगढ़ से चलने वाली 68738/68737 बिलासपुर-रायगढ़-बिलासपुर मेमू: 11 अप्रैल से 18 अप्रैल तक रद्द।
रायगढ़ से चलने वाली 68735 रायगढ़-बिलासपुर मेमू पैसेंजर: 12 अप्रैल से 19 अप्रैल तक रद्द।
बिलासपुर से चलने वाली 68736 बिलासपुर-रायगढ़ मेमू पैसेंजर: 11 अप्रैल से 18 अप्रैल तक रद्द।
रायपुर से चलने वाली 68746 रायपुर-गेवरा रोड मेमू पैसेंजर: 11 अप्रैल से 18 अप्रैल तक रद्द।
गेवरा रोड से चलने वाली 68745 गेवरा रोड-रायपुर मेमू पैसेंजर: 12 अप्रैल से 19 अप्रैल तक रद्द।
रायपुर से चलने वाली 58204 रायपुर-कोरबा पैसेंजर: 11 अप्रैल से 18 अप्रैल तक रद्द।
कोरबा से चलने वाली 58203 कोरबा-रायपुर पैसेंजर: 12 अप्रैल से 19 अप्रैल तक रद्द।
बिलासपुर और गेवरा रोड से चलने वाली 68734/68733 बिलासपुर-गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू पैसेंजर: 11 अप्रैल से 18 अप्रैल तक रद्द।
बिलासपुर और कोरबा से चलने वाली 68732/68731 बिलासपुर-कोरबा-बिलासपुर मेमू पैसेंजर: 11 अप्रैल से 18 अप्रैल तक रद्द।
बिलासपुर से चलने वाली 58210 बिलासपुर-गेवरा रोड पैसेंजर: 11 अप्रैल से 18 अप्रैल तक रद्द रहेगी।
डेस्टिनेशन से पहले शुरू और खत्म होगी ये गाड़ियां :-
गोंदिया से चलने वाली 68861 गोंदिया-झारसुगुड़ा पैसेंजर: 11 से 18 अप्रैल तक बिलासपुर स्टेशन पर समाप्त होगी। यह ट्रेन बिलासपुर-झारसुगुड़ा के बीच रद्द रहेगी।
झारसुगुड़ा से चलने वाली 68862 झारसुगुड़ा-गोंदिया पैसेंजर: 11 से 18 अप्रैल तक बिलासपुर स्टेशन से शुरू होगी। यह ट्रेन झारसुगुड़ा-बिलासपुर के बीच रद्द रहेगी।
गौरतलब है कि अचानक ट्रेनें कैंसिल होने से उन यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं, जिन्होंने पहले से अपनी यात्रा की प्लानिंग कर ली थी। मैदानी सूत्रों ने बताया कि रेलवे ने रद्द ट्रेनों के बदले यात्रियों के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की है। रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़ और कोरबा जैसे शहरों के बीच सफर करने वाले दैनिक यात्री (डेली पैसेंजर) सबसे ज्यादा परेशान हैं।
बता दें कि इस फैसले से कुल 10 लोकल और मेमू पैसेंजर ट्रेनें शनिवार से पूरी तरह बंद रहेंगी। इसके अलावा अन्य गाड़ियों पर भी असर पड़ा है। रेलवे ने कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस को कोरबा से बिलासपुर के बीच पैसेंजर बनाकर चलाने का निर्णय लिया है, ताकि कुछ हद तक भीड़ को कम किया जा सके।
दरअसल, पहले यह काम 3 से 10 अप्रैल तक होना था, जिसे टालकर ट्रेनों को दोबारा शुरू किया गया था। लेकिन दूसरे ही दिन आदेश पलट जाने से लोग हैरान हैं। यात्रियों का कहना है कि प्रशासन को इस तरह के संवेदनशील फैसलों की जानकारी कम से कम 2-3 दिन पहले स्पष्ट रूप से देनी चाहिए।