यात्रियों के लिए खुशखबरी: छुट्टियों में अब कन्फर्म टिकट आसान, छत्तीसगढ़ से गुजरेंगी 11 समर स्पेशल ट्रेनें, देखें टाइमटेबल

train-cancel-e1732093533432-500x

बिलासपुर। गर्मी की छुट्टियों में ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों के लिए राहत का पिटारा खोल दिया है। बता दें कि रेलवे प्रशासन ने 11 नई समर स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है, जो करीब 87 फेरों में अपनी सेवाएं देंगी। इन ट्रेनों का संचालन 2 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुका है और ये 16 जुलाई 2026 तक अलग-अलग तारीखों पर पटरी पर दौड़ेंगी।

इन स्पेशल ट्रेनों का सबसे ज्यादा फायदा छत्तीसगढ़ के यात्रियों को मिलने वाला है। ये ट्रेनें प्रदेश के प्रमुख स्टेशनों— रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और रायगढ़ में रुकेंगी। दरअसल, हर साल गर्मियों में इन रूटों पर वेटिंग लिस्ट 200 के पार चली जाती है, जिसे देखते हुए रेलवे ने यह मास्टर प्लान तैयार किया है। अनुमान है कि इन 87 फेरों से करीब 1.5 लाख से ज्यादा यात्रियों को कन्फर्म सीट मिल सकेगी।

रेलवे की ये स्पेशल ट्रेनें मध्य भारत को देश के अन्य कोनों जैसे महाराष्ट्र, बिहार, पश्चिम बंगाल और दक्षिण भारत से जोड़ेंगी। प्रमुख रूट में दुर्ग-हरिद्वार स्पेशल पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र, इतवारी-शालीमार, एलटीटी-संतरागाछी, हटिया-एलटीटी, एलटीटी-हावड़ा और पुणे-संतरागाछी शामिल है। इसके साथ ही, तिरुपति-रक्सौल, पटना-चर्लपल्ली और गोंदिया-रक्सौल, इतवारी-मालदा टाउन जाने वालों को भी राहत मिलेगी।

गौरतलब है कि लंबी दूरी की यात्रा करने वाले परिवारों के लिए यह सुविधा किसी वरदान से कम नहीं है। बता दें कि इन ट्रेनों में सीटों की उपलब्धता और विस्तृत समय सारिणी के लिए यात्री रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट https://www.irctc.co.in पर जाकर जानकारी ले सकते हैं।

दरअसल, गर्मी के मौसम में बिहार और पश्चिम बंगाल जाने वाली ट्रेनों में पैर रखने की जगह नहीं होती। इन 11 स्पेशल ट्रेनों के चलने से न केवल वेटिंग लिस्ट कम होगी, बल्कि यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी भी मिलेगी। प्रशासन का मानना है कि इस कदम से छुट्टियों में घर जाने वाले प्रवासियों और घूमने निकलने वाले परिवारों का सफर बेहद सुलभ और राहत भरा हो जाएगा।