गर्मी का प्रकोप तेज: मैदानी क्षेत्रों में लू की चेतावनी, रायपुर 41 के पार, आज 42 डिग्री तक पहुंचेगा पारा
रायपुर। छत्तीसगढ़ का मध्य हिस्सा अब भीषण गर्मी की चपेट में आ चुका है। उत्तर-पश्चिम से आ रही गर्म हवाओं ने प्रदेश के मैदानी इलाकों में पारा चढ़ा दिया है। रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग में लोगों को 40 डिग्री से अधिक की तपिश झेलनी पड़ रही है। मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटों में कई इलाकों में ‘लू’ (Loo) चलने की चेतावनी जारी की है।
गौरतलब है कि पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। राजधानी रायपुर में सबसे ज्यादा गर्मी दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, सरगुजा संभाग में अभी भी मौसम तुलनात्मक रूप से नरम है, जहां अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मैदानी सूत्रों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम की गर्म हवाओं के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि वर्तमान में कई मौसमी प्रणालियां सक्रिय हैं।
एक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका दक्षिणी असम से लेकर छत्तीसगढ़ और तेलंगाना होते हुए तमिलनाडु तक फैली हुई है। कर्नाटक और उससे लगे महाराष्ट्र के ऊपर एक प्रति-चक्रवात बना हुआ है। इन प्रणालियों के कारण प्रदेश में गर्म हवाएं आ रही हैं, जिससे अधिकतम तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है।
बता दें कि मध्य छत्तीसगढ़ का औसत तापमान सामान्य से एक से दो डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में मध्य इलाके के कुछ हिस्सों (पॉकेट्स) में लू (Greem Lahar) जैसे हालात बनने की पूरी संभावना है। हालांकि, बस्तर और सरगुजा संभाग के जिलों में तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होगा और वहां फिलहाल भीषण गर्मी का असर महीने के अंतिम दिनों में शुरू होने के आसार हैं।
राजधानी रायपुर में आज यानी 15 अप्रैल को आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि आज पारा और चढ़ सकता है। 42 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान, न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है। प्रशासन ने लोगों को पर्याप्त पानी पीने और धूप में निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी है।